मिशन शक्ति अभियान के तहत रसूलपुर थाने में कक्षा 12 की छात्रा बनी एक दिन की इंस्पेक्टर
Gargachary Times
1 October 2025, 20:32
214 views
Firozabad News
फिरोजाबाद। नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चल रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत रसूलपुर थाने में एक अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में माता प्रसाद कलावती देवी शिक्षण संस्थान की कक्षा 12 की छात्रा आस्था सिंह पुत्री वेदप्रकाश को “एक दिन की इंस्पेक्टर” बनने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा आस्था सिंह ने थाना प्रभारी का दायित्व संभाला। महिला कांस्टेबलों ने उनका स्वागत पुष्पवर्षा कर किया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने छात्रा को थाना संचालन की कार्यप्रणाली और पुलिस कार्यशैली की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पुलिस की भूमिका केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना पैदा करना भी उनकी अहम जिम्मेदारी है।
इस दौरान एक महिला कांस्टेबल ने औपचारिक रूप से छुट्टी का आवेदन भी प्रस्तुत किया, जिसे “एक दिन की इंस्पेक्टर” आस्था सिंह ने देखा और उस पर निर्णय भी लिया। यह अनुभव छात्रा के लिए यादगार साबित हुआ। वहीं, थाने में बैठकर कई मामले भी सुने।
मिशन शक्ति के तीन प्रमुख बिंदु-नारी सुरक्षा, नारी स्वावलंबन और नारी सम्मान को रेखांकित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि यह पहल युवतियों और महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने के लिए की जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को यह संदेश देना है कि यदि वे ठान लें तो समाज में किसी भी क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकती हैं।
आस्था सिंह ने कहा कि एक दिन के लिए इंस्पेक्टर बनना उनके लिए गर्व और आत्मविश्वास का क्षण है। उन्होंने भविष्य में समाज की सेवा करने और महिलाओं के हक व सम्मान के लिए काम करने की इच्छा भी जताई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “मिशन शक्ति” महिलाओं और छात्राओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल नारी शक्ति का मनोबल बढ़ता है बल्कि समाज में उनके प्रति सम्मान और विश्वास का भाव भी प्रबल होता है।