जिला पंचायत अध्यक्ष ने जनता दर्शन में सुनीं दर्जनों शिकायतें, तत्काल समस्याओं का करवाया निस्तारण
Gargachary Times
5 January 2026, 19:37
100 views
Mathura
मथुरा। जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने आनंदधाम कॉलौनी स्थित अपने आवास पर जनता दर्शन के दौरान दर्जनों शिकायतों को सुना और तत्काल समस्या का निस्तारण किया। विदित रहे कि जिपंअ किशन चौधरी सुबह अपने आवास उसके उपरांत केएम रेसीडेंटस कार्यालय तथा केएम विश्वविद्यालय में लोगों की समस्याओं का समाधान प्रतिदिन करते है।
सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने प्रतिदिन के भांति जनता दर्शन लगाया, इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनता दर्शन में मुख्य रूप से आवास, पेंशन, शौचालय, बिजली, सड़क और नलकूप जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। कुछ ग्रामीणों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी परेशानियों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें भी रखीं। जिला पंचायत अध्यक्ष ने तत्काल संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। उन्होंने बताया जनता दर्शन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझना और समयबद्ध समाधान कराना है। उन्होंने कहा, जनता की परेशानी दूर करना हमारी पहली प्राथमिकता है। किसी भी पीड़ित को इधर-उधर भटकना न पड़े, यह हमारी जिम्मेदारी है। जिले का हर नागरिक बिना भेदभाव अपनी समस्या लेकर मेरे पास आ सकता है। जनता को राहत पहुंचाने के लिए हम कटिबद्ध हैं।