ग्रामों में योजनाओं का जमीनी सत्यापन, जनचौपाल में जनता से सीधा संवाद
Gargachary Times
20 January 2026, 19:33
111 views
Jalaun
जालौन /जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने मंगलवार को विकास खण्ड रामपुरा के ग्राम बिजुआपुर एवं ग्राम बावली का स्थलीय भ्रमण किया। अधिकारियों ने गलियों में पैदल घूमकर केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जमीनी सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर आवास, पेंशन, राशन, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
इसके उपरांत ग्राम पंचायत कंझारी में आयोजित जनचौपाल में जिलाधिकारी ने ग्राम में कराए गए विकास कार्यों का सत्यापन कराया तथा ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र लाभार्थी को योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि ग्राम में खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस पर उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि 31 मार्च 2026 तक खेल मैदान का निर्माण सुनिश्चित किया जाए, जिससे युवाओं को खेलों से जोड़कर सकारात्मक दिशा दी जा सके। साथ ही ग्राम में स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण, चारों ओर पाथवे निर्माण एवं वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्राम का प्राकृतिक सौंदर्य बढ़े और स्वच्छ वातावरण विकसित हो।
जनचौपाल के दौरान एक भावुक क्षण तब आया जब 08 वर्षीय बालिका राधिका मंच पर आई और अपनी पीड़ा साझा की। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बालिका को अपने पास बैठाकर आश्वस्त किया और घोषणा की कि उसकी शिक्षा सहित समस्त आवश्यक खर्च जिला प्रशासन वहन करेगा। बाल सेवा योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं से उसे तत्काल लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी निशान्त पाण्डेय, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।