कान्हा गौशाला निरीक्षण में जिलाधिकारी का संवेदनशील रूप, गोवंशों को किया दुलार
Gargachary Times
1 February 2026, 18:26
76 views
Jalaun
जालौन जनपद में गोवंश संरक्षण की व्यवस्थाओं को परखने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बबीना तथा कदौरा स्थित कान्हा गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों व अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने गोवंशों को गुड़ खिलाकर उनके प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया। एक भावुक दृश्य तब देखने को मिला जब जिलाधिकारी द्वारा पुकारने पर कई गोवंश दौड़ते हुए उनके पास आ गए। जिलाधिकारी ने स्वयं उन्हें दुलारते हुए उनके संरक्षण और समुचित देखभाल के महत्व पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौशालाओं में हरे चारे, स्वच्छ पेयजल एवं नियमित चिकित्सीय सुविधा की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। वहीं साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि सुबह-शाम अनिवार्य रूप से परिसर की सफाई कराई जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
गौशाला प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, अनुशासन बनाए रखने तथा व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।