Loading...

कोंच में दंपति से मारपीट व अभद्रता, पीड़िता ने सीओ से लगाई गुहार

Gargachary Times 3 February 2026, 22:26 10 views
Jalaun
कोंच में दंपति से मारपीट व अभद्रता, पीड़िता ने सीओ से लगाई गुहार
जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेल नगर में एक दंपति के साथ गाली-गलौज, मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मामले को बताते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) कोंच परमेश्वर प्रसाद को सम्बोधित शिकायती पत्र कोतवाली में देकर शिकायत कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला पटेल नगर निवासी परवीन पत्नी रहीश ने सोमवार देर रात सीओ कोंच को सम्बोधित शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि घटना 2 फरवरी की रात लगभग 8:30 बजे की है। आरोप है कि मोहल्ले के ही एक युवक उनके घर पर आया और बिना किसी कारण उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करने लगा। पीड़िता के अनुसार, जब उनके पति रहीश पुत्र शौकत अली ने आरोपी को समझाने और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी और थप्पड़ मार दिया। इसी दौरान आरोपी ने उनकी वृद्ध सास के साथ भी धक्का-मुक्की की, जिससे वह गिरते-गिरते बचीं। घटना के दौरान आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है। डरी-सहमी परवीन ने सीओ कोंच से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में अतिरिक्त निरीक्षक विमलेश कुमार ने बताया कि महिला द्वारा शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow Samachar24