हरदोई के युवक की वृंदावन में संदिग्ध हालात में मौत, भागवत की पढ़ाई के लिए आया था युवक
Gargachary Times
5 February 2026, 18:23
4 views
Mathura
वृंदावन थाना क्षेत्र में भागवत की शिक्षा ग्रहण कर रहे 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार हरदोई निवासी सागर बीते करीब आठ माह से वृंदावन स्थित श्याम कुटी में रहकर भागवत की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार रात करीब 10 बजे सागर ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर साथियों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर युवक को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम गृह पर परिजनों के पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों ने बताया कि सागर परिवार का इकलौता बेटा था। उन्होंने बताया कि वह सरल स्वभाव और उच्च विचारों वाला युवक था। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।