Loading...

प्रोजेक्ट अंलकार के अन्तर्गत सहयोगी अनुदान योजना के माध्यम से जनपद के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय भवनों का होगा कायाकल्प

Gargachary Times 5 February 2026, 18:34 61 views
Agra
प्रोजेक्ट अंलकार के अन्तर्गत सहयोगी अनुदान योजना के माध्यम से जनपद के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय भवनों का होगा कायाकल्प
जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रोजेक्ट अंलकार के अन्तर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के जीर्णोद्धार, मरम्मत, पुनर्निर्माण एवं अवस्थापन सुविधाओं हेतु सहयोगी अनुदान योजना के संबंध में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का सुदृढ़ीकरण किये जाने हेतु सहयोगी अनुदान योजना के अन्तर्गत ऐसे विद्यालय जिनकी मान्यता की अवधि 01.04.2023 को 75 वर्ष पूर्ण है तथा विद्यालय भवन जर्जर अवस्था में हैं,को इस योजना से आच्छादित किया जायेगा तथा 75 वर्ष के कम अवधि के ऐसे विद्यालय जिनके भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं,को भी जिला स्तरीय समिति की संस्तुति व शिक्षा निदेशक, (माध्यमिक) के अनुमोदन उपरांत शामिल किया जा सकेगा, डीआईओएस ने बताया कि 300 से कम छात्र संख्या वाले विद्यालय, योजना से आच्छादित नहीं होंगे, जिसमें विद्यालय की बाउण्ड्री, शौचालय, अध्ययन कक्ष, लाइब्रेरी व कॉमन रूम,प्रयोगशाला कक्ष,पेयजल सुविधा,छत,फर्श,दरवाजे,खिड़की की मरम्मत,रंगाई-पुताई इत्यादि का जीर्णोद्धार, मरम्मत,पुनर्निर्माण एवं अवस्थापन आदि किया जाना है। बैठक में बताया गया कि जीर्णोद्धार, मरम्मत, पुनर्निर्माण एवं अवस्थापन हेतु धनराशि का शासन व सम्बन्धित संस्था द्वारा संयुक्त रूप से 75ः25 योगदान दिया जायेगा, जिसमें 75 प्रतिशत शासन द्वारा व 25 प्रतिशत संस्था द्वारा वहन किया जायेगा। संस्था द्वारा अपेक्षित मैचिंग धनराशि 25 प्रतिशत को प्रबन्धतंत्र स्वयं तथा अतिरिक्त विभिन्न श्रोतों यथा-सांसद/विधायक निधि, सीएसआर फण्ड, सम्बन्धित कॉलेज/संस्था से अध्ययन प्राप्त पुरा छात्रों से सहायता प्राप्त कर या क्षेत्र के गणमान्य/प्रतिष्ठित व्यक्ति अथवा संस्थाओं से प्राप्त किया जा सकता है। बैठक में बताया गया कि जनपद में सम्बन्धित गाइड लाइन के अनुसार प्रथम सूची में 08 विद्यालयों को चिन्हित किया गया है,जिसमें बजाज राष्ट्रीय इ0का0, फतेहपुरसीकरी,जनता इ0का0, फतेहाबाद, जनता इ0का0,मिढ़ाकुर,श्री गोपीचन्द्र शिवहरे सनातन धर्म कन्या इ0का0,मुफीद एवं आम इ0का0,डी०ए०वी० इ0का0, कुण्डौल,श्री रत्नमुनि जैन इ०का०, आगरा तथा श्री मोती लाल इ0का0, सैया, आगरा को चिन्हित किया गया है,जिलाधिकारी महोदय ने कार्यदायी संस्था नामित कर एस्टीमेट तैयार कर शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह,विनय तिवारी, वित्त व लेखा, माध्यमिक शिक्षा एवं हरीश कुमार सिंह,सहायक अभियंता पीडब्लूडी आदि उपस्थित रहे।
Follow Samachar24