पीएम श्री जनपद स्तरीय खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम का जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
Gargachary Times
6 February 2026, 21:07
11 views
Mathura
मथुरा। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा पीएम श्री प्राथमिक विद्यालयों की जनपद स्तरीय खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को गणेशरा स्टेडियम में किया गया। जिसमें लगभग 12 पीएम श्री परिषदीय विद्यालय के लगभग 150 छात्र- छात्राओं ने सहभागिता की। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रतन कीर्ति, जिला क्रीड़ा अधिकारी राकेश यादव ने दीप प्रज्जवलित कर किया। खेलों में प्राथमिक बालक वर्ग 50 मीटर रेस, बालिका वर्ग 50 मीटर रेस, 100 मीटर बालक-बालिका वर्ग, 200 मीटर बालक-बालिका वर्ग के साथ साथ लम्बी कूद, कबड्डी में विभिन्न पीएम श्री प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विजयी खिलाड़ियों को पुरुस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाली छात्राओं को ईनाम दिया तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव हैं। सरकार द्वारा शिक्षा के साथ-साथ प्रतिभाओं को निखारने हेतु ऐसे आयोजनों से भविष्य की सशक्त पीढ़ी तैयार हो रही है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा की और कहा सुन्दर विद्यालय तभी माना जाता है जब उसमें शिक्षा देने वाले शिक्षक भी सुंदर हो। जिनमें शिक्षा और संस्कार दोनों हो, शिक्षक पद सबसे बड़ा पद होता है, शिक्षक को देखकर ही अध्यायनरत बच्चे उनसे प्ररेणा लेकर अपने जीवन को संस्कारवान बना पाता है। त्रेता और द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने बरगद पेड़ के नीचे शिक्षा और संस्कार ग्रहण किए थे वहीं श्रीराम भगवान ने पेड़-पौधों से शिक्षा ली थी। इसलिए शिक्षावान और संस्कारवान होने के पीछे गुरु का महत्व होता है। कार्यक्रम के दौरान गणेशरा स्टेडियम में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बेसिक शिक्षा विभाग के रविंद्र चौधरी, विक्रांत कुमार, बलवीर सिंह सहित समस्त पीएम श्री विद्यालयों के प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।