Loading...

" सेफर इंटरनेट डे " के अवसर पर एक विशेष कार्यशाला का किया आयोजन

Gargachary Times 10 February 2026, 20:14 43 views
Firozabad
" सेफर इंटरनेट डे " के अवसर पर एक विशेष कार्यशाला का किया आयोजन
जिलाधिकारी रमेश रंजन के नेतृत्व में आज विकास भवन सभागार कक्ष में ‘सेफर इंटरनेट डे’ के अवसर पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकित कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया।जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जहाँ AI शिक्षा एवं कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक है, वहीं इसके माध्यम से फैल रहे डीप-फेक, डेटा प्राइवेसी उल्लंघन जैसे खतरों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी AI टूल का उपयोग करते समय व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी साझा न करें। वित्तीय सुरक्षा के संबंध में उन्होंने बताया कि इंटरनेट बैंकिंग का उपयोग करते समय सदैव बैंक की आधिकारिक वेबसाइट एवं सुरक्षित नेटवर्क का ही प्रयोग करें। सार्वजनिक वाई-फाई के माध्यम से वित्तीय लेन-देन करने से बचें तथा अपने पासवर्ड और पिन को समय-समय पर बदलते रहें। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी तथा साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने का आह्वान किया। उत्तर प्रदेश पुलिस की साइबर सुरक्षा टीम से लोकेश ने बताया कि ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी कोई वैधानिक प्रक्रिया नहीं है। यदि इस प्रकार की कोई कॉल प्राप्त होती है, तो उसकी तुरंत सूचना दें, ताकि साइबर अपराधियों के खिलाफ उचित स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कार्यशाला में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय), नेटवर्क इंजीनियर, डी0आर0एम0 सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24