लघु विधिक सेवा शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश . डॉ . बब्बू सारंग द्वारा फीता काटकर किया
Gargachary Times
12 February 2026, 20:08
51 views
Firozabad
जनपद फिरोजाबाद में आगामी वृहद/मेगा विधिक सेवा शिविर, जो दिनांक 22.02.2026 को आयोजित होना प्रस्तावित है, के पूर्व आज दिनांक 12.02.2026 को एक लघु विधिक सेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश, फिरोजाबाद डॉ. बब्बू सारंग द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर मेगा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु यातायात विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रचार वाहन को माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय ने हरी झंडी दिखाकर जनपद के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में रवाना किया, जिससे अधिक से अधिक जनमानस को शिविर की जानकारी प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा अपने-अपने विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां उपस्थित अधिकारियों द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र व्यक्तियों को लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय डॉ. बब्बू सारंग ने अपने उद्बोधन में कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय एवं शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर अधिकतम लाभार्थियों को जोड़ने का आह्वान किया तथा आगामी मेगा शिविर को जनभागीदारी का एक सशक्त माध्यम बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री योगेश शिवा द्वारा किया गया। अपने वक्तव्य में उन्होंने बताया कि 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा विधिक सेवा शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं शासन की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आग्रह किया।
उक्त कार्यक्रम में जनपद के समस्त सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण, विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।