Loading...

एकता इंटर कॉलेज मे रेलवे सुरक्षा सम्बंधी व्यापक जागरुकता अभियान का किया आयोजन

Gargachary Times 12 February 2026, 20:09 49 views
Firozabad
एकता इंटर कॉलेज मे रेलवे सुरक्षा सम्बंधी व्यापक जागरुकता अभियान का किया आयोजन
महाप्रबंधक (सुरक्षा), EDFC प्रयागराज के आदेशानुसार डीएफसीसीआईएल सुरक्षा टीम एवं आरपीएफ पोस्ट फिरोजाबाद द्वारा एकता इंटर कॉलेज, मक्खनपुर, जनपद फिरोजाबाद में रेलवे सुरक्षा संबंधी व्यापक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रेलवे सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, असावधानीवश होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था। विद्यालय के प्राचार्य श्री माथुर प्रसाद के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 600 विद्यार्थियों एवं 16 शिक्षकों ने सहभागिता की। विद्यालय प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। अभियान में श्री पंकज कुमार, इंस्पेक्टर (सुरक्षा), डीएफसीसीआईएल न्यू टूंडला; श्री नंदराम, उपनिरीक्षक, आरपीएफ पोस्ट फिरोजाबाद; श्री विपिन कुमार, जूनियर एग्जीक्यूटिव (सुरक्षा), डीएफसीसीआईएल न्यू एकदिल; तथा श्री मनमोहन सिंह, जूनियर एग्जीक्यूटिव (सुरक्षा), डीएफसीसीआईएल न्यू भदान सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को प्रभावी एवं आकर्षक बनाने हेतु नुक्कड़ नाटक टीम द्वारा प्रस्तुति दी गई। नाटक एवं संबोधन के माध्यम से रेलवे ट्रैक पर अनाधिकृत प्रवेश के दुष्परिणाम, ट्रैक पर पत्थर अथवा अन्य वस्तुएँ रखने से होने वाली गंभीर दुर्घटनाएँ, चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी के कानूनी परिणाम, फुट ओवरब्रिज एवं अंडरपास का सुरक्षित उपयोग तथा रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुँचाने पर दंडात्मक प्रावधानों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्हें सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु प्रेरित किया गया। यह जागरूकता अभियान विद्यार्थियों में रेलवे सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने एवं संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध हुआ।
Follow Samachar24