Loading...

पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर गुंडागर्दी, कानून बेबस! मथुरा गेट क्षेत्र में लाठियों से युवक को किया अपाहिज

Gargachary Times 13 February 2026, 19:43 46 views
Mathura
पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर गुंडागर्दी, कानून बेबस! मथुरा गेट क्षेत्र में लाठियों से युवक को किया अपाहिज
वृंदावन मथुरा गेट पुलिस चौकी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जो हुआ, उसने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी। पुलिस चौकी से महज सौ मीटर की दूरी पर गौतम पाड़ा निवासी राकेश गौतम को 7–8 दबंग युवकों ने घेरकर बेरहमी से पीटा। लाठी-डंडों से किए गए इस हमले में राकेश के दोनों पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गए। हैरानी की बात यह है कि हमला दिनदहाड़े, भीड़ के सामने हुआ, लोग देखते रहे, लेकिन पुलिस का डर खत्म और कानून का खौफ नदारद दिखा। कोई बीच-बचाव की हिम्मत नहीं जुटा सका। घायल राकेश को पहले सौ शैय्या अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया। राकेश के भाई रूपकिशोर गौतम ने आरोप लगाया है कि यह हमला छोटे गौतम के पांचों पुत्रों और उनके साथ मौजूद तीन अज्ञात लोगों ने किया। चौंकाने वाली बात यह है कि बीती 16 जनवरी को भी इन्हीं आरोपियों ने बांके बिहारी पुलिस चौकी क्षेत्र में राकेश के साथ मारपीट की थी। उस मामले में थाना वृन्दावन में मुकदमा दर्ज हुआ था और जांच एसआई सुबोध कुमार को सौंपी गई थी। सवालों के घेरे में आई पुलिस। पहले हमले के बाद कार्रवाई कहाँ अटकी? जमानत पर छूटे आरोपियों पर निगरानी क्यों नहीं? पुलिस चौकी के इतने पास दुस्साहस कैसे हुआ? स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूमते रहे और पुलिस की ढिलाई ने उन्हें दोबारा हमला करने का हौसला दिया। यह घटना केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर करारा तमाचा है। अब देखना यह है कि क्या पुलिस इस बार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी करेगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा। मथुरा गेट की इस वारदात ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर पुलिस सख्त नहीं, तो अपराधी निडर।
Follow Samachar24