जिला अधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय का किया निरीक्षण
Gargachary Times
13 February 2026, 19:47
21 views
Mathura
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने खण्ड विकास अधिकारी मथुरा के कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान खण्ड विकास कार्यालय परिसर में नवनिर्मित प्रधानमंत्री / मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) मॉडल हाउस का भी उद्घाटन किया, जिला अधिकारी के द्वारा मॉडल हाउस का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण परिसर की सफाई व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया। वही खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि कार्यालय परिसर के स्थित 02 पार्कों में अधिकाधिक पौधारोपण करे। खण्ड विकास कार्यालय में उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था हेतु खण्ड विकास अधिकारी ज्योति शर्मा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार सफाई व्यवस्था बरकरार रखे।
जिलाधिकारी ने अभिलेखागार, मनरेगा कक्ष, राजकीय ग्रामीण आजीविका मिशन कक्ष, पटल सहायक कक्ष आदि का जायजा लिया। जिला अधिकारी ने अभिलेखों के सुरक्षित रख रखाव पर बल देते हुए निर्देशित किया कि पुराने रजिस्टरों की बाइंडिंग कराए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने आई0जी0आर0एस0 रजिस्टर, जन शिकायत रजिस्टर, तहसील दिवस रजिस्टर, कैश बुक, वीबी जी राम जी गार्ड फाइल आदि का अवलोकन किया।
जिला अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रातः 10 से 12 बजे तक जन सुनवाई करते हुई फरियादियों की समस्याओं का निदान शासन की प्राथमिकता है। पूर्ण निष्ठा एवं दृढ़ता से उक्त कार्य को करना चाहिए। जिलाधिकारी ने आगामी पर्वों के दृष्टिगत खंड विकास अधिकारी एवं समस्त एडीओ को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों को अधिकाधिक फॉर्मर्स रजिस्ट्री करवाने हेतु प्रोत्साहित करे। उन्होंने स्कूलों में बच्चों के अभिभावनों के साथ बैठक कर फॉर्मर्स रजिस्ट्री करवाने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए। नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकालकर फॉर्मर्स रजिस्ट्री हेतु जागरूक किया जाए। जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि लैंडलाइन को अपने कक्ष में शिफ्ट कराए।
निरीक्षण में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय, खण्ड विकास अधिकारी मथुरा श्रीमती ज्योति शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।