रंगोत्सव को लेकर मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने अधिकारियों के साथ की बैठक
Gargachary Times
14 February 2026, 21:43
30 views
Mathura
मथुरा जनपद में मनाए जाने वाले आगामी रंगोत्सव की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने अधिकारियों के साथ एक बैठक की।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में यह बैठक की गई।
जिसमें रंगोत्सव 2026 की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से वार्ता की गई।
बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल , उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र , मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप , पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय , माननीय सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा , जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश , मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन , उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार , एस0पी0 ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत , उप जिलाधिकारी गोवर्धन प्राजक्ता त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बरसाना में मनाए जाने वाली विश्व प्रसिद्ध लडडू मार होली तथा लठामार होली में
मेला क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन किए जाएंगे, जिसके लिए साज-सज्जा, से मंच बनाए जाएंगे, प्रवेश द्वार, सेल्फी पॉइन्ट आदि भी बनाए जाएंगे।
साथ ही कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
पर्यटन विभाग एवं उ०प्र० ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा समन्वय स्थापित कर किया जायेगा।
श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
रंगोत्सव 2026 के अन्तर्गत जनपद मथुरा के विभिन्न स्थलों पर प्रवेश द्वारों की स्थापना की जाएगी, जिसमें बरसाना में 05, नन्दगाँव में 04, रावल में 02, गोकुल में 02, बल्देव में 02, फालैन में 02, महावन में 01 तथा मथुरा में 05 कुल 23 द्वार बनाए जाएंगे। रंगोत्सव 2026 के अन्तर्गत बरसाना, नन्दगाँव, फालैन एवं मथुरा जनपद के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु 25 छोटे स्टेज बनाए जाएंगे। रंगोत्सव 2026 के अन्तर्गत जनपद मथुरा के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर 12 सेल्फी प्वाइंट की स्थापना की जाएगी, जिसमें बरसाना में 5, नंदगांव में 2, गोकुल में 1, महावन में 1, बलदेव में 1, रावल ने 1 तथा फ़ालैन में 1 सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा।
जनपद मथुरा के विभिन्न प्रमुख मन्दिरों पर प्रकाश व्यवस्था/विद्युत सजावट का कार्य किया जाएगा, जिसमें गाजीपुर मन्दिर, संकेत मन्दिर, श्री राधारानी मन्दिर रावल, नन्दकिला नन्दभवन गोकुल, श्री प्रहलाद मन्दिर (प्रहलाद कुण्ड) ग्राम फालैन, होली दरवाजा (होलीगेट) मथुरा, विश्राम घाट मथुरा, ठाकुर श्री दाऊजी मन्दिर बल्देव तथा नन्दभवन चौरासी खम्भा मन्दिर महावन शामिल है। फसाड लाईटिंग का कार्य श्री राधारानी जी मन्दिर बरसाना तथा श्री नन्द मन्दिर नन्दगाँव में किया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने अवगत कराया कि बरसाना को 7 जोन व 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। बरसाना हेतु 56 पार्किंग स्थल तथा 94 बैरियर बनाए जा रहे है। 13 स्थलों पर स्वास्थ्य केंद्र तथा 05 दो पहिया एम्बुलेंस लगाई जाएंगी। बरसाना में 5 वॉचटावर तथा 5 स्थानों पर अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मंत्रीने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी एवं अधिकारी श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों से विनम्र रहे। अपनी भाषा को मृदुल रखे तथा सेवा-भाव से ड्यूटी का निर्वहन करे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष ने कहा कि होटल एवं पार्किंग संचालकों के साथ बैठक करे। होटल एवं पार्किंग संचालक सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करे कि वे अपने जूता-चप्पल होटल या अपनी गाड़ी में उतार कर दर्शन हेतु जाए, क्योंकि दर्शन हेतु एकल मार्ग की व्यवस्था है।
मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने निर्देश दिए कि नकली गुलाल बेचने वालों पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा कही पर भी नकली गुलाल नहीं बिकना चाहिए। मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रमुख मार्गों, गलियों एवं चौकों की पेंटिंग की जाए, लाइटिंग एवं साज सज्जा की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंडलायुक्त जी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को निर्देश दिए कि गोवर्धन ड्रेन/नहरों की सफाई को ससमय पूर्ण करे।
मंत्री ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूषित एवं मिलावटी प्रदार्थों को नष्ट कराए। सभी दुकानों एवं रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक करते हुए निर्देशित करे कि नकली सामान नहीं बिकना चाहिए। गुणवत्तापूर्व भोजन एवं अच्छे स्वास्थ्य के प्रति सभी को सजक करे। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी दुकान एवं रेस्टोरेंट संचालक का उत्पीड़न / शोषण नहीं होना चाहिए।
मंत्री ने निर्देश दिए कि भंडारा लगाने वालों को सफाई हेतु निर्देशित किया जाए तथा उक्त स्थानों पर सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। जगह-जगह पर कूडादान लगाए जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत, कुंडो की बैरिकेडिंग, पुलिस बैरियर, वॉचटॉवर, पार्किंग आदि के व्यवस्था ससमय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सुदृढ़ साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी ने अवगत कराया कि सफाई हेतु 294 सफाई कर्मचारी एवं 35 सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लटके हुए तारों को एकत्रित कराए, विद्युत खंभों व ट्रांसफार्मर की प्लास्टिक रैपिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बरसाना के लोक निर्माण विभाग के सभागार में स्थापित कंट्रोल रूम पर विद्युत विभाग के अधिकारियों की ड्यूटी लगाए तथा मेला क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर टीम तैनात करे, जो तत्काल समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
मंत्री ने निर्देशित किया कि सभी पार्किंग पर बड़े बड़े बैनर / होर्डिंग लगाए जाए जिसमें लिखा जाए कि सभी श्रद्धालु अपने जूता चप्पल गाड़ी/होटल आदि में उतार कर आएं। उन्होंने कहा कि पार्किंगों हेतु दिशा सूचक चिन्ह लगाए जाए तथा अधिकारी भ्रमण करते हुए पार्किंगों में लाइट, पेयजल, शौचालय, रैंप, साइनबोर्ड आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। ए0आर0एम0 रोडवेज को निर्देशित किया गया कि बसों को एकल मार्ग व्यवस्था अनुसार संचालित कराए।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन एवं पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को सुचारू रखते हुए सम्पूर्ण मेला क्षेत्र पर पैनी निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बैरियर एवं बैरिकेडिंग का कार्य समय से पूर्ण कराए। उन्होंने सक्रिय खोया पाया केंद्र एवं कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए।