बरसाना की रंगोली होली की तैयारीयों का उपजिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी ने लिया जायजा
Gargachary Times
17 February 2026, 19:59
38 views
Mathura
गोवर्धन। विश्वप्रसिद्ध लठामार एवं रंगीली होली के मद्देनज़र बरसाना में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मेले को शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। खास तौर पर महिला एवं विदेशी श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
मेला तैयारियों की समीक्षा बैठक में एसडीएम प्रजाक्ता त्रिपाठी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अभद्रता, जबरन रंग या कीचड़ डालने और हुड़दंग जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं या विदेशी मेहमानों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। प्रमुख मार्गों, मंदिर परिसरों तथा निर्धारित होली स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। राजस्व एवं पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
सीओ अनिल कुमार सिंह ने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। मेले की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन कैमरों का भी सहारा लिया जाएगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।