22 फरवरी से चरणबद्ध विरोध शुरू, एक्स पर चलेगा अभियान
Gargachary Times
17 February 2026, 20:27
71 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक नगरीय संसाधन केंद्र , आर्य नगर पर आयोजित की गई। बैठक में संघ के पदाधिकारियों ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सेवा के बीच शिक्षकों पर लागू किए गए नए नियमों के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है।
जिलाध्यक्ष शौर्यदेवमणि यादव ने कहा कि टीईटी अनिवार्यता के फैसले का विरोध तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर टीईटी अनिवार्यता के विरोध में अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 23, 24 और 25 फरवरी को शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे और सरकार के निर्णय का विरोध दर्ज कराएंगे। महानगर अध्यक्ष कल्पना राजौरिया ने कहा कि आंदोलन के अगले चरण में 26 फरवरी को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। नेताओं ने कहा कि यदि नौकरी के बीच शिक्षकों के लिए नए नियम लागू किए जा सकते हैं, तो जनप्रतिनिधियों जैसे सांसदों और मंत्रियों के लिए भी सेवा के दौरान इसी प्रकार के नियम बनाए जाने चाहिए। शिक्षकों पर एकतरफा निर्णय थोपना उचित नहीं है। टीएफआई की राष्ट्रीय सचिव के तौर पर कल्पना राजौरिया ने बताया कि जूनियर हाईस्कूल संघ, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, महिला शिक्षक संघ सहित अन्य संगठन भी टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) के साथ जुड़ गए हैं। सभी शिक्षक संगठन एकजुट होकर टीईटी अनिवार्यता का विरोध कर रहे हैं।
बैठक में मोहित चतुर्वेदी ने शिक्षकों को एक्स पर ट्वीट करने का प्रशिक्षण दिया ।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष अरुण यादव , जिला महामंत्री रंजीत यादव , महानगर मंत्री ललित शर्मा, महानगर कोषाध्यक्ष शौहरत अली ,आलोक बाथम, मोहित चतुर्वेदी, विधि मित्तल, सहबा हाशिम ,संतोष कुमारी, भावना जैन ,सीमा भारद्वाज, शीबा ,नेहा सक्सेना, संजय जैन, अनिल कुमार, राजपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।