आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का सहारा बन रही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना
Gargachary Times
18 February 2026, 18:40
49 views
Lucknow
विकास खण्ड मलिहाबाद, गोसाईगंज एवं सरोजनीनगर के कुल 170 जोड़ो का सामूहिक विवाह जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न कराया गया। कौशल किशोर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री ने मलिहाबाद के 92 जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया वहीं अमरेश कुमार विधायक, मोहनलालगंज एवं ब्लॉक प्रमुख गोसाईगंज विनय वर्मा द्वारा गोसाईगंज के 50 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया। विधायक सरोजनी नगर के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सरोजनी नगर के 14 जोड़ों सामूहिक विवाह संपन्न कराये गये। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत बंथरा, काकोरी, मलिहाबाद एवं गोसाईगंज के 14 जोड़ों के भी विवाह एक साथ कराए गए।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया कन्यादान, भावुक हुआ पल
श्रीमती सविता गोयल विधायक, सरोजनीनगर प्रतिनिधि ने रानी पुत्री स्वर्गीय रघुवीर का कन्यादान कर वैवाहिक जोड़ो को उपहार और आशीर्वाद प्रदान किया गया। वही ब्लॉक प्रमुख गोसाईगंज विनय वर्मा एवं पवन पटेल उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज द्वारा रितु कुमारी पुत्री स्वर्गीय विनोद कुमार एवं सोनम पुत्री स्वर्गीय हंसराज का स्वयं कन्यादान किया एवं वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक परिवार के साथ है और सामूहिक विवाह के माध्यम से प्रत्येक पात्र कन्या को योजना का लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर नव विवाहित वर वधू की खुशी देखते ही बन रही थी।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का सहारा बन रही मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना
जनपद लखनऊ में वित्तीय वर्ष 2017 से प्रारंभ हुई मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत इस वित्तीय वर्ष में कुल 618 जोड़ो के विवाह संपन्न कराये गये हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना के प्रारंभ से अब तक जनपद लखनऊ के कुल 5,506 जोड़ो के विवाह कराये गये हैं। उन्होंने बताया कि योजना अंतर्गत रुपये 60 हजार कन्या के खाते में प्रदान किए जाते हैं। रुपये 25 हजार की वैवाहिक उपहार सामग्री के साथ रुपये 15 हजार से सामूहिक विवाह की समस्त व्यवस्थाएं समाज कल्याण विभाग द्वारा की जाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान कौशल किशोर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री, अमरेश कुमार, विधायक मोहनलगंज, के साथ जिलाध्यक भाजपा एवं क्षेत्रीय ब्लॉक प्रमुख एवं उपजिलाधिकारी, विकास मिश्रा,परियोजना निदेशक, संबंधित ब्लॉक के खण्ड विकास अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।