मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में हुई मण्डल स्तरीय कर-करेत्तर एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक
Gargachary Times
18 February 2026, 20:52
42 views
Agra
मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में लघु सभागार में मण्डल स्तरीय कर-करेत्तर एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम कर वसूली की समीक्षा की गयी। वाणिज्य कर में मथुरा को छोड़कर तीनों जिले क्रमिक उपलब्धि के लक्ष्य से काफी पीछे रहे। स्टाम्प और रजिस्ट्रेशन में आगरा और फिरोजाबाद क्रमिक उपलब्धि के लक्ष्य से पीछे रहे। आबकारी मद में आगरा, परिवहन व विद्युत मद में फिरोजाबाद व मैनपुरी और खनिज मद में फिरोजाबाद और मैनपुरी लक्ष्य प्राप्ति से पीछे रहे। आयुक्त महोदय द्वारा उपरोक्त जिलों में सभी मदों में मासिक लक्ष्य की पूर्ण प्राप्ति करते हुए प्रगति बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। वहीं नगर निकाय और विधिक माप में आगरा जिले की खराब प्रगति में सुधार लाने को कहा। नये कर प्रदाताओं के पंजीकरण की समीक्षा की गयी। आगर और मथुरा जिले की प्रगति धीमी रही। महोदय ने प्रगति में तेजी लाने एवं अधिकारी व संबंधित सेक्टर वार सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
तत्पश्चात आईजीआरएस की समीक्षा की गयी। मण्डलीय प्रभारी व अपर आयुक्त महोदया द्वारा अवगत कराया गया कि जनवरी माह में मण्डल की 9 रैंक आई है। समीक्षा करते हुए अवगत कराया गया कि जनपदवार संतोषजनक फीडबैक प्रतिशत में वृद्धि हुई है। विगत माह की अपेक्षा जनवरी माह में आगरा और मैनपुरी में शिकायतकर्ताओं से कम सम्पर्क किया गया।
अधिकारीवार असंतोषजनक फीडबैक की समीक्षा की गयी। सबसे ज्यादा संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी, अधीक्षण अभियंता सिंचाई, अधीक्षण अभिंयता विद्युत, संयुक्त शिक्षा निदेशक, उप श्रमायुक्त आदि विभाग के संबंधित अधिकारियों पर आयुक्त महोदय द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी। आयुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि शत प्रतिशत शिकायतकर्ताओं से सम्पर्क कर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ता का शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसे निस्तारण की कार्यवाही से अवगत कराया जाए।
बैठक में अपर आयुक्त न्यायिक श्रीमती कंचन शरन, अपर आयुक्त प्रशासन श्री राजेश कुमार, फिरोजाबाद जिलाधिकारी श्री रमेश रंजन और मैनपुरी जिलाधिकारी श्री अंजनी कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त श्रीमती शुभांगी शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त फिरोजाबाद श्री विशु राजा आदि मौजूद रहे।