* विकास कार्यो को लेकर आयोजन समिति ने सौपी जिलाधिकारी को सूची पुस्तिका
Gargachary Times
18 February 2026, 20:53
29 views
Agra
आगरा। भीमनगरी समारोह आयोजन समिति एवं ग्यासपुरा क्षेत्र में प्रस्तावित भीमनगरी व शोभायात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियों के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व वर्षों के आयोजनों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए विकास, सफाई, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने कहा कि शोभायात्रा नाला काजीपाड़ा से होकर गुजरती है, ऐसे में आसपास के क्षेत्रों में बारिश के दौरान सीवर एवं नालों का पानी विकास कार्यों को प्रभावित करता है। नगर निगम को निर्देश दिए जाएं कि समय से पहले नालों की सिल्ट की निकासी कराई जाए, जिससे अंतिम समय में समस्या न उत्पन्न हो। महामंत्री श्याम जरारी ने नाला काजीपाड़ा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक जाने वाली सीढ़ियों की मरम्मत एवं रेलवे पुल की दुरुस्तीकरण की मांग रखी। साथ ही 14 अप्रैल अंबेडकर जयंती के अवसर पर नाला काजीपाड़ा, चक्की पाट सहित मेला स्थलों पर सफाई, सड़क मरम्मत एवं प्रकाश व्यवस्था समय से सुनिश्चित कराने पर बल दिया।
क्षेत्रीय समिति अध्यक्ष सुभाष सागर ने बताया कि इस वर्ष ग्यासपुरा क्षेत्र की भीमनगरी कोठी मीना बाजार में आयोजित की जा रही है। क्षेत्र के शिब्द साहनी नगर, सागर वाली गली, पृथ्वीनाथ, तमोली पाड़ा, प्रकाश नगर, रामनगर, चन्दन नगर, नगला गंगाराम, प्रेम नगर सहित 12 मोहल्लों को चिन्हित कर लिया गया है, जहां नगर निगम द्वारा शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर विकास कार्य शुरू कराए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने गलियों एवं नालियों के निर्माण कार्य समय रहते पूर्ण करने की मांग रखी। महामंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि नगर निगम, आगरा विकास प्राधिकरण एवं लोक निर्माण विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि दोहराव से बचते हुए गुणवत्तापूर्ण विकास हो सके। साथ ही क्षेत्र के सामुदायिक आंबेडकर भवनों पर रंगाई-पुताई एवं सौंदर्यीकरण कराने का प्रस्ताव रखा।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा की दृष्टि से टोरेंट पावर कंपनी शोभायात्रा मार्ग एवं भीमनगरी क्षेत्र में विद्युत तारों को दुरुस्त करे। फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए समुचित समन्वय रखा जाए, ताकि भीड़ के दौरान किसी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग संयुक्त सर्वे कर वास्तविक आवश्यकताओं का खाका तैयार करेंगे और नगर निगम अंतिम समय की हड़बड़ी से बचते हुए शॉर्ट टर्म टेंडर के माध्यम से समय पर कार्य पूर्ण कराने का प्रयास करे। वहीं ट्रैफिक पुलिस को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रस्तावित विकास कार्यो की सूची पुस्तिका जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी को आयोजन समिति के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी, महामंत्री श्याम जरारी, क्षेत्रीय समिति के अध्यक्ष सुभाष सागर और महामंत्री महेंद्र सिंह, संजय सिंह, अजय राना, वीर प्रकाश बंटी और रविशंकर ने सौंपी। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस वर्ष भीमनगरी एवं शोभायात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं भव्य बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे। इस अवसर पर पार्षद गजेंद्र पिप्पल, पूजा बाल्मीकि, राजू वर्मा, धर्मवीर आदि मौजूद रहे।