हाईटेंशन तार गिरने से दो युवकों की मौत: एका थाना क्षेत्र में शौच जाते समय हुआ हादसा
Gargachary Times
19 February 2026, 18:59
59 views
Firozabad
फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र में हाईटेंशन विद्युत तार गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना गुरुवार सुबह उस समय हुई जब दोनों युवक शौच के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतकों की पहचान रुहासी पट्टी निवासी भूपेंद्र (28) पुत्र जगदीश शाक्य और प्रदीप (28) पुत्र अशोक शाक्य के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह वे गांव से खेतों की ओर शौच के लिए निकले थे। जैसे ही वे गांव की गली से बाहर आए, 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के तारों में स्पार्किंग हुई और वे टूटकर उन पर गिर गए। युवकों को भागने का मौका नहीं मिला और वे तारों की चपेट में आकर बुरी तरह फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिवारों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने विद्युत तारों के टूटने पर गहरा गुस्सा व्यक्त किया। सूचना पर एका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। राजस्व विभाग व विद्युत विभाग उप जिलाधिकारी सहित थाना प्रभारी संजुल पांडेय ने आक्रोशित लोगों कोp समझा-बुझाकर शांत किया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।