भक्तिभाव से संपन्न हुआ ठाकुर मदन मोहन जी का पाटोत्सव
Gargachary Times
21 February 2026, 18:45
40 views
Mathura
वृंदावन। श्रीधाम वृंदावन के प्राचीन और सिद्ध स्थल ज्ञान गुदड़ी स्थित मदन मोहन कुंज में ठाकुर श्री मदन मोहन जी महाराज का पाटोत्सव समारोह अत्यंत श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। महामंडलेश्वर हेमकांत शरण देवाचार्य महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में भक्ति की रसधार बही।
उत्सव का मंगल शुभारंभ प्रातः काल ठाकुर जी के भव्य पंचामृत स्नान के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच प्रभु का दूध, दही, घी, शहद, शर्करा और दुर्लभ जड़ी-बूटियों के साथ दिव्य अभिषेक किया गया। जड़ी-बूटियों से युक्त अभिषेक के पश्चात ठाकुर जी का मनमोहक श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन पाकर उपस्थित भक्त भाव-विभोर हो उठे।
पाटोत्सव के साथ ही इस अवसर पर महंताई कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया। ब्रह्मऋषि रविन्द्र शरण महाराज को त्रिवेणी कुंज आश्रम का महंत बनाया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान वृंदावन के विभिन्न आश्रमों और अखाड़ों से आए प्रमुख संतों एवं महंतों ने सहभागिता की। परंपरा का निर्वहन करते हुए सभी प्रतिष्ठित संतों ने नवनियुक्त महंत को महंतायी की चादर ओढ़ाकर और तिलक लगाकर महंताई की बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान महामंडलेश्वर हेमकांत शरण देवाचार्य महाराज ने कहा कि महापुरुषों और ठाकुर जी के पाटोत्सव की परंपराएं हमारी संस्कृति की जीवंत प्रतीक हैं। समारोह में वृंदावन के प्रमुख संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने ठाकुर जी से विश्व कल्याण की प्रार्थना की। अंत में उपस्थित भक्तों एवं संतों के लिए वृहद भंडारे का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से फूल डोल दास महाराज, महंत सनत कुमार दास, महामंडलेश्वर किशोरी शरण महाराज, महंत बजरंगदास, महंत वेणु गोपाल दास, महंत हरिशंकर दास, महामंडलेश्वर राधा प्रसाद देव जी महंत मोहिनी बिहारी शरण, महंत चंद्रमा दास महाराज, महंत लाडली दास महाराज, बिहारी लाल वशिष्ठ के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।