जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए निर्देश
Gargachary Times
22 February 2026, 18:14
26 views
Agra
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी जी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 अभियान के अंतर्गत,मतदाता सूची में पंजीकरण हेतु आयोजित चौथे विशेष अभियान में विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर संबंधित को निर्देश दिए।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगरा कॉलेज में बने मतदेय स्थल 256,257,258,259 तथा हिलमैन पब्लिक स्कूल में बने मतदेय स्थल आदि का निरीक्षण किया जहां बीएलओ वीना शर्मा, विजय प्रताप, जाकिर हुसैन से जानकारी प्राप्त की।प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा जी के निर्देशानुसार भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अन्तर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक संख्या में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा मतदाता सूची को शुद्ध करने के उद्देश्य से दावा एवं आपत्ति प्राप्त किये जाने हेतु चार विशेष अभियान दिवस आयोजित कराये जाने के निर्देश दिये गये थे
इन निर्देशों के क्रम में पूर्व में दिनांक 11 जनवरी, 18 जनवरी तथा 31 जनवरी, 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किये गये थे। इसी क्रम में आज रविवार, दिनांक 22 फरवरी 2026 को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया,विशेष अभियान दिवस में सभी मतदेय स्थलों पर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की उपस्थित रही तथा मतदाता हेल्प डेस्क पर सक्रिय रह कर दावा एवं आपत्ति प्राप्त किए गए।
जिलाधिकारी ने बूथ निरीक्षण में बीएलओ के पास 6 जनवरी, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा फार्म यथा 6, 6A, 7 एवं 8 की उपलब्धता आदि की जानकारी ली।
निरीक्षण में मतदान केंद्र पर बने हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जानकारी ली तथा मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मतदाताओं से संवाद भी किया तथा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), वार्ड के सभासदों, ग्राम प्रधानों आदि से भी सक्रिय सहयोग की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि ऐसे पात्र नागरिक जिनके नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं हैं वह अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु अपने निकटतम मतदेय स्थल पर पहुँचकर फार्म-6 निःशुल्क प्राप्त कर रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नम्बर, आयु प्रमाण-पत्र, निवास का पता एवं परिवार के किसी सदस्य का EPIC/मतदाता फोटो पहचान-पत्र की छायाप्रति संलग्न कर फार्म जमा कर सकते हैं। साथ ही जो मतदाता स्थाई रूप से अन्यत्र चले गए हैं, जिनकी मृत्यु हो गई है, का फार्म-7 भरा जाएगा एवं जो मतदाता किसी प्रकार का संशोधन कराना चाहते हैं वह फार्म-8 भरकर साक्ष्य सहित सम्बन्धित मतदेय स्थल अथवा तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केन्द्र पर जमा कर सकते हैं।