इनफार्मर आईडी के लिए 6 माह से भटक रहे चिकित्सक, अधिशासी अधिकारी पर 10 हजार रुपये मांगने का आरोप
Gargachary Times
25 February 2026, 18:42
69 views
Mathura
राया। राया थाना क्षेत्र के मांट रोड स्थित अमित नर्सिंग होम के संचालक डॉ. अमित शर्मा ने इनफार्मर आईडी जारी न होने और कथित रूप से अवैध धनराशि मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।
डॉ. शर्मा के अनुसार जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के लिए नगर पंचायत से इन्फॉर्मर आईडी आवश्यक होती है। इस आईडी के लिए वे पिछले छः माह से लगातार नगर पंचायत कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी की ओर से उनसे 10 हजार रुपये की रसीद काटने/लेने की बात कही गई, जो नियमों के विपरीत है। चिकित्सक का कहना है कि बार-बार आवेदन और अनुरोध के बावजूद जानबूझकर प्रक्रिया लंबित रखी जा रही है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत भेजी है, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके और बिना किसी अवैध मांग के आईडी जारी की जाए।
चिकित्सक ने प्रशासन से मांग की है कि
आईडी जारी करने की प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए
जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जांच हो
स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संस्थानों को अनावश्यक परेशान न किया जाए
डॉ अमित शर्मा का कहना है कि यदि स्वास्थ्य संस्थानों को ही इस प्रकार दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, तो आम जनता की सेवाएं भी प्रभावित होंगी।