Loading...

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण की प्रगति के सम्बन्ध में की गयी समीक्षा

Gargachary Times 25 February 2026, 18:58 75 views
Firozabad
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण की प्रगति के सम्बन्ध में की गयी समीक्षा
जिलाधिकारी महोदय द्वारा जारी रोस्टर के क्रम में दिनाँक 25.02.2026 को प्रातः 10ः30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महोदय की अध्यक्षता में निपुण भारत मिशन एवं बेसिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। सर्वप्रथम मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण की प्रगति के सम्बन्ध में समीक्षा की गयी। समीक्षा बैठक में कार्यदायी संस्था यूपी सिड़को के अधिशासी अभियन्ता के द्वारा अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय पुलखडीत, एका में निर्माण कार्य में लगभग 100 से अधिक लेबर कार्य कर रहे हैं, माह फरवरी, 2026 तक 34 प्रतिशत कार्य पूर्ण होना चाहिए था किन्तु 27 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो सका है, जिसे तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये। द्वितीय चरण में तहसील सिरसागंज के ग्राम करहरा में स्वीकृत मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का डी0पी0आर0 शासन को प्रेषित किया जा चुका है, शासन के अनुमोदनोपरान्त धनराशि आवंटित की जायेगी। मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय लालऊ में निर्माण कार्य गतिमान है, जिसे गुणत्तापूर्ण व शीघ्रता से पूर्ण कराये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। विद्यालय परिसर से जा रहे हाई विद्युत हाई टेंशन लाइन को एक सप्ताह में हटाये जाने के निर्देश दिये गये तथा अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड जसराना, टूण्डला, सिरसागंज, शिकोहाबाद व फिरोजाबाद के द्वारा अद्यतन विद्युत तार न हटाये जाने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये गये। ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत असंतृप्त विद्यालयों की पैरामीटरवाइज सूची तैयार कर प्रतिदिन प्रातः 10ः00 बजे होने वाली वीडियोकान्फ्रेसिंग के माध्यम से समीक्षा किये जाने के निर्देश दिये गये। समग्र शिक्षा के अन्तर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों में 03 निर्माण कार्य अद्यतन अनारम्भ होने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए तत्काल प्रारम्भ कराये जाने के निर्देश दिये गये। सी0एम0 डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं में अपेक्षित कार्यवाही किये जाने के साथ-साथ समस्त जनपद व ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स के सदस्यों द्वारा प्रेरणा एप के माध्यम से प्रतिमाह विद्यालय निरीक्षण का लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये गये। मध्यान्ह भोजन योजनान्तर्गत विद्यालयों में क्रय किये जाने वाली सामग्री यथा-मसाले, सब्जी, दूध, फल आदि को स्वयं सहायता समूह के माध्यम से क्रय करने व भुगतान किये जाने के निर्देश दिये गये, जिससे स्वयं सहायता समूह को भी रोजगार मिल सके। पुनः दिनांक 1-2 मार्च, 2026 को समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों के साथ समीक्षा की जायेगी कि कितने विद्यालयां में स्वयं सहायता समूह से सामान लिया गया है? आई0जी0आर0एस0 प्रकरणों का ससमय गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किये जाने के निर्देश दिये गये। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की वास्तविक उपस्थिति दर्ज किये जाने एवं डिजिटल रजिस्टर पर प्रतिदिन ऑनलाइन किये जाने के निर्देश के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन वितरण कराये जाने के निर्देश दिये गये।
Follow Samachar24