26 फरवरी को दिव्यांगजनों के लिए मोबाइल कोर्ट का आयोजन
Gargachary Times
25 February 2026, 18:59
73 views
Firozabad
राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद फिरोजाबाद के सुदूरवर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान हेतु 26 फरवरी 2026 को मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन विकास भवन सभागार, फिरोजाबाद में प्रातः 10:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक होगा।
इस मोबाइल कोर्ट का उद्देश्य दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना है। विशेष रूप से उन दिव्यांगजनों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा जो सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से अब तक अनभिज्ञ हैं।
प्रशासन का कहना है कि मोबाइल कोर्ट के माध्यम से दिव्यांगजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र समाधान किया जाएगा और समाज में उनके साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
जनपद के सभी दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे अपने अधिकारों की सुरक्षा एवं समस्याओं के निस्तारण के लिए निर्धारित तिथि और समय पर प्रार्थना पत्र के साथ उपस्थित होकर लाभ उठाएं।
इस संबंध में जानकारी जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, फिरोजाबाद द्वारा दी गई है।