Loading...

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी स्लीपर बस, 12 यात्री घायल

Gargachary Times 25 February 2026, 19:00 76 views
Firozabad
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर  हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी स्लीपर बस, 12 यात्री घायल
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस हादसे में बस में सवार करीब 45 यात्रियों में से 12 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस और यूपीडा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुँचाया। तड़के 3 बजे मची चीख-पुकार जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना थाना नसीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत किलोमीटर संख्या 55.7 के पास सुबह करीब 3:00 बजे हुई। यात्रियों ने बताया कि हादसे के समय वे गहरी नींद में थे, जिस कारण किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही नसीरपुर पुलिस, यूपीडा (UPEIDA) के अधिकारी और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुँच गई। यूपीडा और पुलिस टीम ने बस की खिड़कियों को तोड़कर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल शिकोहाबाद के जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, अधिकांश यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। हालांकि, एक यात्री की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए फिरोजाबाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अधिकारियों का वक्तव्य घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी सिरसागंज, अनिबेश सिंह ने बताया आज दिनांक 25 फरवरी 2026 को सुबह करीब 03:00 बजे थाना नसीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस में करीब 45 लोग सवार थे, जिनमें से 12 लोगों को सामान्य चोटें आई हैं। पुलिस टीम द्वारा घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है और उनके इलाज के लिए हरसंभव मदद सुनिश्चित की जा रही है। मौके पर यातायात सुचारू कर दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को किनारे कर एक्सप्रेसवे का यातायात सामान्य कराया। हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है।
Follow Samachar24