Loading...

वृंदावन में आज से अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का शुभारंभ

Gargachary Times 26 February 2026, 20:57 91 views
Mathura
वृंदावन। एस.एम. योग रिसर्च इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में भगवान श्रीकृष्ण की पावन लीलास्थली वृंदावन के कुंभ मेला क्षेत्र में 27 फरवरी से 1 मार्च तक अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस महोत्सव का उद्देश्य योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहित करना है। संस्थान के प्रबंधक एवं कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष आचार्य डॉ. धर्मनाथ शास्त्री ने बताया कि कुंभ मेला क्षेत्र स्थित देवराहा बाबा घाट पर बनाए गए भव्य पंडाल में देश-विदेश से हजारों योग साधक और आयुर्वेद प्रेमी सहभागिता करेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि अमेरिका, फ्रांस, इटली, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, ब्राज़ील, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, रूस और मेक्सिको सहित अनेक देशों से विदेशी प्रतिभागी योग प्रशिक्षण व मार्गदर्शन देने हेतु पहुंच रहे हैं। संस्थान के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय योगगुरु डॉ. बालमुकुंद शास्त्री ने कहा कि यह महोत्सव ब्रजभूमि की आध्यात्मिक विरासत और योग परंपरा के वैश्विक प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। महोत्सव में विभिन्न देशों के योगाचार्य, आयुर्वेदाचार्य, प्राकृतिक चिकित्सक, शोधकर्ता एवं आध्यात्मिक वक्ता भाग लेंगे। डॉ. बालकृष्ण शास्त्री के अनुसार 27 फरवरी से 1 मार्च तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में योग कक्षाएं, उन्नत आसनों का प्रदर्शन, योग चिकित्सा सत्र, आयुर्वेदिक जीवनशैली पर व्याख्यान, शोध-पत्र प्रस्तुतियां तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पारंपरिक योग एवं प्राणायाम सत्रों के साथ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और समग्र स्वास्थ्य पर कार्यशालाएं भी होंगी। इसके अतिरिक्त ब्रज की संस्कृति एवं भक्ति परंपराओं से परिचित कराने हेतु विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी महोत्सव का आकर्षण रहेंगी। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय योग परंपरा के प्रचार-प्रसार में नई दिशा प्रदान करेगा।
Follow Samachar24