होली पर हुड़दंग करने वालों पर जिला प्रशासन की रहेगी पैनी नजर, त्यौहार में व्यवधान डालने वालों पर होगी कठोर कार्यवाही
Gargachary Times
28 February 2026, 18:53
124 views
Mainpuri
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में उपस्थित विभिन्न समुदाय के धर्मगुरुओं, संभ्रांत व्यक्तियों से कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन नागरिकों को मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मुहैया करायेगा, शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली की आपूर्ति होगी, नगरीय, ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति, साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम किए जाएंगे। उन्होने कहा कि सभी लोग अपने धार्मिक रीति-रिवाज से एक दूसरे का सम्मान करते हुए अपने आगामी त्यौहारांे को उमंग, उत्साह, खुशी के साथ मनाकर जनपद की गंगा-जमुनी तहज़ीब को कायम रखें। उन्होंने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि इस बार होली के साथ रमजान का महीना भी चल रहा है, गंगा-जमुनी तहजीब के लिए मशहूर जनपद का शानदार इतिहास रहा है, इस जनपद में कभी भी आपसी तनाव, वैमनस्यता दिखाई नहीं देती, यहां का हर वर्ग एक-दूसरे के त्योहारों में खुशी के साथ शामिल होकर आपस में खुशियां बांटते हैं।
श्री सिंह ने ने उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के होलिका दहन वाले स्थानों का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर समय से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायें, कहीं भी कोई नई परंपरा न पड़ने दें। उन्होंने कहा कि यद्यपि यह जनपद आपसी एकता, अखंडता के लिए प्रदेश में अपना अलग स्थान रखता है। उन्होने कहा कि नगरीय क्षेत्र में उप जिलाधिकारी एवं ग्रामीण क्षेत्र में खंड विकास अधिकारी नेतृत्व देकर त्योहारों पर आमजन को बेहतर मूल-भूत सुविधाएं मुहैया कराने में योगदान दें। उन्होने जिला पूर्ति अधिकारी को आदेशित करते हुए कहा कि प्रत्येक राशन कार्ड धारक को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करायें, अधिशासी अभियंता विद्युत आगामी त्योहारों पर निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें, त्यौहारों के दिन विद्युत आपूर्ति किसी भी दशा में बाधित न हो, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण होलिका दहन, ईदगाह, मस्जिद वाले ऐसे मार्ग जो क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें तत्काल मरम्मत कराकर ठीक करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर निकायांे को निर्देशित करते हुए कहा कि त्योहारों के अवसर पर साफ-सफाई के मुकम्मल इंतजाम रहें, होलिका दहन वाले स्थानों, ईदगाहांे, मस्जिदों के आसपास सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि जनपद का इतिहास सौहार्दपूर्ण रहा है, यहां सभी धार्मिक पर्व आपसी मेल-मिलाप के साथ आयोजित होते रहे हैं, आगामी त्यौहार भी आप सब सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाकर इस जनपद की गौरवमयी परम्परा को कायम रखें। उन्होने कहा कि संवाद, लचीलापन प्रत्येक समस्या के निदान का सशक्त माध्यम है, यहां के लोगों के बीच आपसी संवाद, लचीलापन ही जनपद के सौहार्द को कायम रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन होली के दौरान संवेदनशील रहकर कार्य करेगा, किसी भी शरारती तत्व को त्यौहार में व्यवधान डालने की इजाजत नहीं होगी, जनपद के प्रमुख स्थलों, चौराहों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रहेगा, जो प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखेगा, पूरे नगर में सी.सी.टी.वी. कैमरों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।
बैठक में नितिन चतुर्वेदी, मुजम्मिल मिर्जा, किशन दुबे, शफी मंसूरी आदि ने भी विचार व्यक्त किये। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शहरी, ग्रामीण अरुण कुमार, राहुल मिठास, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर, भोगांव, करहल, किशनी, घिरोर, कुरावली अभिषेक कुमार, संध्या शर्मा, सुनिष्ठा सिंह, गोपाल शर्मा, प्रसून कश्यप, नीरज कुमार द्विवेदी, समस्त क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारियांे के अलावा विभिन्न समुदाय के धर्मगुरू, गणमान्य व्यक्ति आदि उपस्थित रहे।