Loading...

मैत्री घर में बरसे आस्था के फूल: 105 वर्षीया रेनु मा और 95 वर्षीया शांति कपूर बनीं उल्लास की गवाह

Gargachary Times 1 March 2026, 21:01 72 views
Mathura
मैत्री घर में बरसे आस्था के फूल: 105 वर्षीया रेनु मा और 95 वर्षीया शांति कपूर बनीं उल्लास की गवाह
​वृंदावन। भक्ति, भाव और अपनत्व के रंगों से सराबोर श्रीधाम वृंदावन के मैत्री घर विधवा आश्रम (पानीघाट) में रविवार को 'फूलों की होली' का ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। समाज की मुख्यधारा से दूर संघर्षमय जीवन व्यतीत कर रही सैकड़ों विधवा माताओं के चेहरे उस वक्त खिल उठे, जब उन पर टनों फूलों की वर्षा की गई। बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और ब्रज के पारंपरिक रसिया गायन के बीच पूरा आश्रम परिसर एक दिव्य उत्सव में तब्दील हो गया। ​उत्सव का शुभारंभ संस्था के संस्थापक लेफ्टिनेंट जनरल भूपेंद्र सिंह और संस्थापिका बिन्नी सिंह ने माताओं के चरण स्पर्श कर और उनके साथ फूलों की होली खेलकर किया। इस भावुक क्षण में जनरल सिंह ने कहा कि इन माताओं के जीवन में मुस्कान लाना ही मैत्री घर का परम लक्ष्य है। ढोल-नगाड़ों की थाप और 'बिरज की चौपाइयों' ने वातावरण को पूरी तरह आनंदमयी बना दिया। ​इस कार्यक्रम का सबसे विशेष और भावनात्मक आकर्षण 105 वर्षीया रेनु माँ और 95 वर्षीया शांति कपूर की उपस्थिति रही। अवस्था की बाधाओं को पार कर इन बुजुर्ग माताओं ने न केवल होली का आनंद लिया, बल्कि इस भव्य आयोजन की जीवंत गवाह भी बनीं। फूलों की सुगंध के बीच कई माताएं भावविभोर होकर थिरकती नजर आईं। ​मैत्री घर प्रबंधन द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ब्रज की पारंपरिक होली का स्वरूप देखने को मिला। फूलों की होली के साथ-साथ भजनों और रसिया गायन ने उपस्थित श्रद्धालुओं और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ​इस पुनीत अवसर पर प्रबंधक महेश मुनि, सन्तोष चतुर्वेदी, शेर सिंह, गुड़िया, गौरी, सोनिया, मोनिका और एडवोकेट हाकिम सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मैत्री घर के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायी संदेश बताया।
Follow Samachar24