Loading...

पुष्प वर्षा के बीच धूमधाम से निकली हरिदेव प्रभु की डोला यात्रा

Gargachary Times 5 March 2026, 21:01 87 views
Dharam
पुष्प वर्षा के बीच धूमधाम से निकली हरिदेव प्रभु की डोला यात्रा
गोवर्धन : ब्रजभूमि में गुरुवार को हरिदेव जी महाराज का प्राकट्योत्सव भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की पुष्प वर्षा के बीच प्रभु की भव्य डोला यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा वातावरण गिरिराज महाराज के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। प्राकट्योत्सव के अवसर पर सुबह मंदिर में हरिदेव प्रभु का पंचामृत अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया। दोपहर में ठाकुर जी को सुसज्जित डोला में विराजमान कर बैंड-बाजों के साथ बिछुआ कुंड तक यात्रा निकाली गई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर और सुगंधित पुष्प बिछाकर प्रभु का स्वागत किया। बिछुआ कुंड पहुंचने पर भजन-कीर्तन और संकीर्तन के साथ भक्तों ने हरदेव प्रभु की महिमा का गुणगान किया। शाम को मंदिर में विभिन्न धार्मिक आयोजनों के बीच प्रभु फूल बंगला में विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। सेवायत अमित गोस्वामी ने बताया कि इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए सात वर्ष के बालक भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को बाएं हाथ की कनिष्ठा उंगली पर धारण किया था। गोवर्धन स्थित हरदेव मंदिर को वही स्थान माना जाता है, जहां भगवान ने सात दिन और सात रात तक गिरिराज पर्वत धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। चैत्र कृष्ण पक्ष द्वितीया को प्रतिवर्ष हरदेव प्रभु का प्राकट्योत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रभु के अचल विग्रह को प्रतीकात्मक रूप से डोला में विराजित कर यात्रा निकाली जाती है। सेवायत केशवाचार्य गोस्वामी ने बताया कि लगभग सात सौ वर्ष पूर्व विष्णु स्वामी संप्रदाय के निर्मोही अखाड़ा श्री गोवर्धन पीठ के पीठाधीश्वर आचार्य संत शिरोमणि केशवाचार्य जी महाराज को स्वप्न में भगवान ने बिछुआ कुंड में विराजमान होने का संकेत दिया था। इसके बाद चैत्र कृष्ण पक्ष द्वितीया के दिन बिछुआ कुंड से ठाकुर श्री हरिदेव जी महाराज का प्राकट्य कराया गया था। तभी से यह उत्सव परंपरागत रूप से मनाया जा रहा है। महोत्सव के आयोजन में सेवायत अमित गोस्वामी, गिरधर गोस्वामी, मोहित गोस्वामी, हर्ष गोस्वामी, देव गोस्वामी, पुनीत कृष्ण गोस्वामी, सुमित गोस्वामी, शुभम गोस्वामी, परसोत्तम गोस्वामी, चंद्रमोहन गोस्वामी, सुरेश गोस्वामी, विनोद गोस्वामी, संजय गोस्वामी, मुखिया जी और सियाराम शर्मा सहित अनेक श्रद्धालुओं का सहयोग रहा।
Follow Samachar24