सीएम योगी आदित्यनाथ के आगरा आगमन के अवसर पर आप पार्टी जिला के जिलाध्यक्ष पंडित सिद्धार्थ चतुर्वेदी को किया नज़रबंद
Gargachary Times
7 March 2026, 21:15
9 views
Agra
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा आगमन के अवसर पर आम आदमी पार्टी जिला आगरा के जिलाध्यक्ष पंडित सिद्धार्थ चतुर्वेदी को कल रात से ही उनके घर में नज़रबंद किया गया था,आज जिलाध्यक्ष पंडित सिद्धार्थ चतुर्वेदी के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री को संबोधित यह ज्ञापन एसीएम प्रथम नवोदिता शर्मा को सौंपा गया, ताकि उसे शासन स्तर तक पहुँचाया जा सके।
इस दौरान आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों की पुलिस से झड़प भी हुई, आम आदमी पार्टी ने शहर में बढ़ती जनसमस्याओं को गंभीर बताते हुए उनके त्वरित समाधान की मांग की। ज्ञापन में विशेष रूप से आगरा शहर की जर्जर सड़कों, जगह-जगह जलभराव, पेयजल की अनियमित आपूर्ति, सीवर व्यवस्था की खराब स्थिति, बढ़ती महंगाई तथा युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
जिलाध्यक्ष पंडित सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि पर्यटन नगरी आगरा विश्वभर में अपनी ऐतिहासिक पहचान के लिए जानी जाती है, लेकिन शहर के अंदर बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। कई क्षेत्रों में सड़कें टूट चुकी हैं, नालियां जाम रहती हैं और हल्की बारिश में ही जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कई कॉलोनियों में नियमित पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है और लोगों को टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर बेरोजगारी की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे शहर का युवा वर्ग निराशा का सामना कर रहा है। आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री से मांग की कि इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए जाएं।
पंडित सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने यह भी कहा कि आगरा जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन शहर में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है, क्योंकि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। यदि शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा तो इससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर कलुआ राम, कृष्ण गोपाल उपाध्याय, ताजुद्दीन खान,आसिफ़ नवाब, शानू कुरैशी, संजय भारती, इंद्र कुमार वर्मा, आशीष कपूर, सलमान जमा खान, सलमान अब्बास आदि लोग उपस्थित रहे।