जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर में जन-समस्याएं
Gargachary Times
7 March 2026, 21:18
6 views
Mainpuri
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के गुणवत्तापरक, समयबद्ध निस्तारण के लिए संवेदनशील रहंे, अधिकांश विभागों द्वारा शिकायतों का गुणवत्तापरक, समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है, जिससे शिकायतकर्ताओं की संख्या में भी कमी आई है लेकिन अभी कुछ विभागों में शिकायतों के निस्तारण में कोताही बरती जा रही है, शिकायतों का निस्तारण अधीनस्थों की रिपोर्ट पर किया जा रहा है, शिकायत के निराकरण के उपरांत शिकायतकर्ता से वार्ता नहीं की जा रही है, शिकायतकर्ता के संतुष्ट न होने पर शासन स्तर से लिए जा रहे फीडबैक पर असंतुष्ट फीडबैक मिल रहा है। उन्होंने विद्युत, स्वास्थ्य, आपूर्ति, नगर निकाय विभाग के अधिकारियों को आदेशित करते हुए कहा कि वह शिकायतों के निस्तारण को लेकर संवेदनशील रहें, शिकायत के निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से बात अवश्य करें, उसके संतुष्ट होने पर ही निस्तारण आख्या अपलोड की जाए ताकि शासन स्तर से फीडबैक लिए जाने पर शिकायतकर्ता द्वारा संतुष्ट फीडबैक दिया जाए।
जन-सुनवाई के दौरान जब जिलाधिकारी के सम्मुख ग्राम बटरौली नौनेर नि. सतनेश कुमार ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि भूमि अभिलेखों में त्रुटिवश उसका नाम कमलेश दर्ज हो गया है, शिकायतकर्ता ने अपना नाम दुरूस्त कराने की मांग की, संसारपुर नि. गीता देवी ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है और गाटा संख्या-858 में पति का नाम तेजराम अंकित है जबकि उसके पति का नाम तालेबर था, शिकायतकर्ता ने मृतक पति का नाम गाटा संख्या-858 में तेजराम के स्थान पर तालेबर कराने की मांग की, जिस पर उन्होने तत्काल तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक को शिकायतकर्ताओं से साक्ष्य प्राप्त कर मौके पर ही खतौनी में नाम दुरूस्त कराकर शिकायतकर्ताओं को तत्काल राहत प्रदान की। चांदपुर नि. नूरबानो, सबीना ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उनके अंत्योदय कार्ड को अवैध बताकर निरस्त कर दिये गये, राशन कार्ड निरस्त होने के फलस्वरुप राशन न मिलने के कारण परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाई हो रही है, शिकायतकर्ताओं ने पात्रता की पुनः जांच कराकर अंतोदय राशन कार्ड बहाल करने की मांग की, जिस पर उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि तत्काल उक्त दोनों कार्ड धारकों की पात्रता की जांच करायें, पात्र होने की दशा में राशन कार्ड बहाल किए जाएं साथ ही सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र व्यक्ति के राशन कार्ड निरस्त न हों, कोई भी अपात्र व्यक्ति अन्त्योदय राशन कार्ड से खाद्यान्न प्राप्त न करें, प्रत्येक राशन कार्ड धारक को निर्धारित मात्रा में समय से ई-पॉस मशीन के माध्यम से खाद्यान्न मुहैया कराया जाए।
उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि यदि किसी दबंग व्यक्ति द्वारा किसी की भूमि का नाजायज तौर पर कब्जा किया जाए तो उसे भू-माफिया में चिन्हित कर प्राथमिकी दर्ज कराई जाए, पैमाइश के बाद मेढ़बंदी के उपरांत मुड्डी, मेढ़ तोड़कर कब्जा करने वालों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में दण्डात्मक कार्यवाही की जाये। आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर में 18 फरियादियों ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किए, जिसमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश बघेल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बुद्धि प्रकाश, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।