Loading...

तहसील टूण्डला के सभागार कक्ष मे सपूर्ण समाधान दिवस का किया आयोजन

Gargachary Times 7 March 2026, 21:25 11 views
Firozabad
तहसील टूण्डला के सभागार कक्ष मे सपूर्ण समाधान दिवस का किया आयोजन
उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु जिलाधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित व मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में तहसील टूंडला के सभागार कक्ष में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें, जिलाधिकारी के समक्ष कुल 78 समस्याएं आईं, जिसमें से 12 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया और शेष बची समस्याओं का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान ज्यादातर राजस्व, कानून व्यवस्था, विद्युत, राशन कार्ड, नगर पालिका परिषद आदि से सम्बन्धित मामले छाए रहे। संपूर्ण समाधान दिवस में राममूर्ति ने राशन कार्ड में नाम दर्ज न होने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक टूंडला को तत्काल प्रभाव से नाम दर्ज करने की प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु आदेशित किया। अलीपुर निवासी एवज सिंह ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, इस पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार को पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने और समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। एम.पी. सिंह ने शिकायत की, कि दाखिला खारिज के आदेश होने के बावजूद रजिस्ट्रार कानूनगो द्वारा उसका अनुपालन नहीं किया जा रहा है, जिलाधिकारी ने इस प्रकरण की जांच उप जिलाधिकारी को सौंपी और रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया, इसी तरह नेपाल सिंह नामक व्यक्ति ने गलत विद्युत बिल के संबंध में शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने एक्स.ई.एन. हाइडल को बिल संशोधन कर राहत प्रदान करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही जिलाधिकारी ने उपस्थित अभी अधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देश दिया कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को न्याय दिलाना है। शिकायतों का निस्तारण कागजों पर नही बल्कि, धरातल पर करना सुनिश्चित करें।
Follow Samachar24