नेशनल हाइवे 34 पर दो ट्रकों के बीच टक्कर
Gargachary Times
13 March 2026, 19:23
127 views
Mainpuri
मैनपुरी: थाना विछवाँ क्षेत्र क़े गांव फर्दपुर क़े पास नेशनल हाईवे 34 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो ट्रकों के बीच अचानक टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार कानपुर से दिल्ली की ओर जा रहा एक ट्रक सड़क पर बैक कर रहे दूसरे ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है और एक बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक चालक विपिन कुमार पुत्र सोप्रसाद सिंह, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी ग्राम भदूआ, थाना पिलुआ, जनपद एटा प्रयागराज से दिल्ली की ओर जा रहे थे। उनके ट्रक में चावल लदा हुआ था। बताया जा रहा है कि आगे चल रहा एक ट्रक सड़क पर बैक कर रहा था, इसी दौरान पीछे से आ रहे विपिन कुमार के ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों ट्रक कुछ देर के लिए सड़क पर ही खड़े हो गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभालने में मदद की। स्थानीय लोगों ने वाहनों को सड़क किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो गया।
गनीमत यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि टक्कर से ट्रक के अगले हिस्से में भारी नुकसान बताया जा रहा है। यदि समय रहते चालक सतर्कता न बरतते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर वाहनों का बैक करना खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे में चालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।