कौशल विकास को राजीव एकेडमी और ड्यूकैट नोएडा ने मिलाए हाथ
Gargachary Times
14 March 2026, 19:24
174 views
Eduction
मथुरा। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट ने विद्यार्थियों के कौशल विकास और करियर उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ड्यूकैट, नोएडा के साथ एक एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करना तथा बेहतर रोजगार अवसरों के लिए तैयार करना है।
राजीव एकेडमी के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना और ड्यूकैट के मार्केटिंग हेड उत्कर्ष उपाध्याय ने समझौते पर हस्ताक्षर के बाद विद्यार्थियों के कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और उद्योग से जुड़ी व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने पर विस्तार से बात की। डॉ. सक्सेना ने बताया कि इस अनुबंध से राजीव एकेडमी के विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त होगा, साथ ही उन्हें उद्योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट कार्य, इंटर्नशिप और करियर परामर्श जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे कॉर्पोरेट जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को विकसित कर सकें।
डॉ. सक्सेना ने कहा कि यह एमओयू संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सहयोग से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन के नए अवसर प्राप्त होंगे, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि राजीव एकेडमी भविष्य में भी ऐसे उद्योग सहयोग स्थापित करती रहेगी, जिससे विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त हो सके।
ड्यूकैट के मार्केटिंग हेड उत्कर्ष उपाध्याय ने कहा कि राजीव एकेडमी के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। उन्होंने बताया कि ड्यूकैट लम्बे समय से तकनीकी प्रशिक्षण और करियर विकास के क्षेत्र में कार्य कर रहा है और इस साझेदारी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
राजीव एकेडमी के ट्रेनिंग एण्ड प्लेसमेंट प्रमुख डॉ. विकास जैन ने कहा कि यह अनुबंध विद्यार्थियों के करियर निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उद्योग की आवश्यकताओं के अनुसार तकनीकी और व्यावहारिक कौशल का विकास अत्यंत आवश्यक है। इस सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उनके रोजगार के अवसर और भी बढ़ेंगे।
आर.के. एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल ने अनुबंध की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक ज्ञान के साथ ही उद्योगों के अनुरूप व्यावहारिक कौशल की जानकारी मिलेगी। ड्यूकैट के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी तथा उन्हें तकनीकी क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेगी।