Loading...

महामहिम के ब्रज आगमन की तैयारियां तेज: एसएसपी और डीएम ने परखी सुरक्षा

Gargachary Times 17 March 2026, 19:00 13 views
Mathura
महामहिम के ब्रज आगमन की तैयारियां तेज: एसएसपी और डीएम ने परखी सुरक्षा
​वृंदावन। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी 19 से 21 मार्च के तीन दिवसीय ब्रज दौरे को लेकर प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। मंगलवार को मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप, एडीजी अनुपमा कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश पांडेय, जिलाधिकारी मथुरा सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने वृंदावन के विभिन्न प्रस्तावित स्थलों का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था जांची, बल्कि राष्ट्रपति के हाथों होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की। ​मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति महोदया का यह दौरा ब्रजवासियों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में एक नवनिर्मित विंग का लोकार्पण करेंगी। इसके अतिरिक्त, वे वृंदावन के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों जैसे उड़िया बाबा आश्रम और नीम करोली बाबा आश्रम, इस्कान मंदिर, प्रेम मंदिर का भी भ्रमण करेंगी। डीएम ने कहा कि ठाकुर बांके बिहारी लाल की कृपा से यह यात्रा भव्य और सकुशल संपन्न होगी। ​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का विवरण देते हुए बताया कि महामहिम की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। प्रत्येक महत्वपूर्ण पड़ाव पर एसपी रैंक के अधिकारियों को प्रभारी बनाया गया है। वर्दीधारी पुलिस बल के साथ-साथ सादे कपड़ों में खुफिया विभाग की टीम और पीएसी तैनात रहेगी। सोशल मीडिया और अराजक तत्वों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। एसएसपी ने बताया कि वृंदावन और गोवर्धन के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, जिसे सार्वजनिक भी कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। ​यद्यपि विस्तृत मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम अभी प्रतीक्षित है, लेकिन जिलाधिकारी ने संकेत दिए हैं कि महामहिम के कार्यक्रम में गोवर्धन जी की परिक्रमा भी प्रस्तावित है। प्रशासन ने परिक्रमा मार्ग पर भी सुरक्षा और सफाई के पुख्ता इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के इस संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि 19 मार्च को महामहिम के आगमन पर व्यवस्थाएं कांच की तरह साफ और अचूक रहें।
Follow Samachar24