परिषदीय विद्यालय महावन के छात्र आईआईटी मद्रास में होंगे सम्मानित
Gargachary Times
17 March 2026, 19:02
106 views
Mathura
बलदेव: ओपन मेंटर ट्रस्ट विद्या शक्ति द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की गई टैलेंट परीक्षा 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले परिषदीय विद्यालय पूर्व माध्यमिक विद्यालय महावन के छात्रों को अब आईआईटी मद्रास का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा और उन्हें वहां सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका ज्योति कौशिक ने बताया कि हाल ही में ओपन मेंटर ट्रस्ट विद्या शक्ति द्वारा टैलेंट परीक्षा 2025 का राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन किया गया था, जिसमें तमिलनाडु, कर्नाटक, अरूणाचल प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा से जुड़े सम्पूर्ण विद्यालयों द्वारा प्रतिभाग किया गया था। इस टेलेंट परीक्षा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय महावन की दो छात्राओं मंजू, कक्षा 7 और कृष्णा कक्षा 6 ने प्रदेश का ही नहीं बल्कि अपने विद्यालय का भी नाम रोशन किया था। इस छात्राओं को अब 13 अप्रैल 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक आईआईटी मद्रास में आयोजित होने वाली दो दिवसीय विज्ञान कार्यशाला में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा, जिससे छात्र विज्ञान और तकनीक से जुड़ी नवीनतम जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
खण्ड शिक्षा अधिकारी बलदेव कौशल कुमार और प्रभारी प्रधानाध्यापिका ज्योति दीक्षित ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की हैं।