तीन दिवसीय संस्कृति स्पोर्ट्स फिएस्टा-2026 का रंगारंग हुआ शुभारंभ
Gargachary Times
17 March 2026, 19:09
93 views
Mathura
मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय के तीन दिवसीय स्पोर्स्ट्स फिएस्टा 2026 का मंगलवार को रंगारंग शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों में बहुप्रतीक्षित इस वार्षिक आयोजन के लिए विद्यार्थी कई दिन से तैयारियों में जुटे थे। अब मौका था अपनी क्षमता, दक्षता और तैयारियों के प्रदर्शन का। प्रातः 11 बजे स्टूडेंट स्पोर्ट्स क्लब के पदाधिकारी मशाल लेकर मुख्य मैदान पर बने मंच पर पहुंचे और उन्होंने मशाल मुख्य अतिथि को दी जिन्होंने इस मशाल से स्पोर्ट्स फिएस्टा 2026 की शुरुआत अग्नि प्रज्ज्वलित कर की। मैदान पर मौजूद हजारों की संख्या में मौजूद संस्कृति के विभिन्न खेलों के प्रतिभागियों ने गगनभेदी आवाजों से अपनी प्रफुल्लता का इजहार किया।
संस्कृति विवि के स्पोर्ट्स फिएस्टा के मुख्य अतिथि कार्यकारी अध्यक्ष भारतीय शिक्षण मंडल, मुंबई विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो.सुहास पांडेकर, विशिष्ठ अतिथि राष्ट्रीय महासचिव भारतीय शिक्षण मंडल प्रो. भरत सहारन सिंह, संस्कृति विवि की सीईओ डा. श्रीमती मीनाक्षी शर्मा व संस्कृति विवि के कुलपति प्रो. एमबी चेट्टी ने मंच से खेलों के शुभारंभ की घोषणा की। इस मौके पर मुख्य अतिथि प्रो. पांडेकर ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निष्ठा के बारे में बोलते हुए कहा कि सफलता के लिए इन गुणों का होना बहुत जरूरी है। साथ ही उन्होंने भारत की नई शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें खेलों को विशेष महत्व दिया गया है। प्रो. भरत ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक सौष्ठव बनाए रखना भी जरूरी होता है और इसके लिए खेलों की जरूरत है। उन्होंने इस शानदार आयोजन के लिए आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों की सराहना की। इससे पूर्व संस्कृति विवि के कुलपति प्रो. एमबी चेट्टी ने मुख्य अतिथि का परिचय देते हुए कहा कि खेलों में हार-जीत से ज्यादा खेल की भावना का महत्व होता है।
स्पोर्ट्स फिएस्टा 2026 के इस शुभारंभ के अवसर पर छात्रा नंदनी चतुर्वेदी ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना को उच्च मानकों की शपथ दिलाई गई। इसी के साथ मंच पर पिछले वर्ष के विजेताओं को उनकी ट्राफियों के साथ मंच पर आमंत्रित किया। इसी दौरान रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर विद्यार्थियों ने पूरे माहौल में रंग भर दिया। मंच पर मौजूद स्टूडेंट वेलफेयर विभाग के डीन डा. डीएस तोमर ने सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
स्पोर्ट्स फिएस्टा 2026 के पहले दिन विभिन्न मैदानों पर बैडमिंटन, टेबिल टेनिस, डिस्कस थ्रो, जैवलिन,फुटबाल और शार्टपुट खेल हुए। संस्कृति विवि के खिलाड़ी अपने अपने हाउस शिवालिक, नीलगिरी, विद्यांचल और अरावली के बैनर तले मैदानों में खेलने उतरे। बैडमिंटन का शुभारंभ संस्कृति विवि की सीईओ डा. श्रीमती मीनाक्षी रिबन काटकर किया। वहीं डिस्कस थ्रो,जैवलिन थ्रो और शार्टपुट खेलों का शुभारंभ संस्कृति विवि के कुलपति प्रो. एमबी चेट्री और प्रति कुलपति रघुराम भट्ट ने और डा. रजनीश त्यागी ने टेबल टेनिस का फीता काटकर उद्घाटन किया।
स्पोर्टस फिएस्टा 2026 के मुख्य व्यवस्थापक संस्कृति विवि के खेल अधिकारी डा. फहीम अख्तर, सहयोगी व्यवस्थापकों में विवेक श्रीवास्तव, डा. दुर्गेश वाधवा, मयंक यादव, पंकज सारस्वत, कृष्ण राज सिंह, डा. गरिमा गोस्वामी के अलावा स्टूडेंट स्पोर्ट्स क्लब प्रेसीडेंट-प्रतीक चौधरी बीबीए, वाइस प्रेसीडेंट तुषार, सचिव जाह्नवी मिश्रा, अदिति गोयनका हैं।