Loading...

जनगणना-2027 की तैयारियां को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक

Gargachary Times 17 March 2026, 19:37 87 views
Mainpuri
जनगणना-2027 की तैयारियां को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक
मैनपुरी: अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनन्द ने जनगणना-2027 के सम्बन्ध में चार्ज अधिकारियों, गणना सेल के कर्मचारियों के साथ आयोजित बैठक में अब तक प्रथम चरण की जनगणना के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनगणना बेहद महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का ऑकलन किया जाता है, यह विश्व की सबसे विश्वसनीय सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में से एक मानी जाती है, जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है बल्कि यह आवासीय स्थिति, शिक्षा स्तर, आर्थिक गतिविधियों, भाषा-धर्म, प्रवासन तथा मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराती है, जो सरकार की विकास योजनाओं के निर्माण एवं संसाधनों के न्यायसंगत वितरण का आधार बनते हैं। उन्होने कहा कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण का कार्य जनपद में प्रारंभ हो चुका है, तहसील सदर, घिरोर में सी.एम.एम.एस. पोर्टल पर कार्य प्रारंभ किया जा चुका है जबकि तहसील भोगांव, करहल, किशनी, कुरावली में अभी कार्य की प्रगति ठीक नहीं है। उन्होने सम्बन्धित चार्ज अधिकारियों से कहा कि कार्य की गंभीरता को समझते हुए प्रगति सुधारें। उन्होने चार्ज अधिकारियों से कहा कि एच.एल.बी., सी.एम.एम.एस. पोर्टल के सम्बन्ध में आप सबको विगत् के प्रशिक्षणों में भली-भांति जानकारी, ट्रेनिंग दी जा चुकी है यदि फिर भी किसी चार्ज अधिकारी के मन में कोई शंका हो तो जनगणना निदेशालय से आये अधिकारियों से अपनी शंका का समाधान अवश्य करा लें ताकि प्रथम चरण की जनगणना के सम्बन्ध में किसी के मन में कोई संशय न रहे और कार्य के दौरान असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होने कहा कि प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान की गणना होगी इस हेतु 700-700 के छोटे-छोटे ब्लॉक बनाकर प्रत्येक भवन, आवासीय इकाई एवं उपलब्ध सुविधाओं का विवरण एकत्र किया जाएगा, प्रथम चरण में घर-घर जाकर मकान की स्थिति, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, रसोई ईंधन, इंटरनेट सुविधा, मोबाइल, वाहन एवं अन्य परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी दर्ज की जाएगी, यह चरण आगामी जनसंख्या गणना के लिए आधार तैयार करेगा, द्वितीय चरण में प्रत्येक परिवार के सदस्यों से संबंधित सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक विवरण संकलित किए जाएंगे। उन्होने कहा कि इस बार जनगणना विभाग द्वारा स्व-गणना की सुविधा भी नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके माध्यम से परिवार स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे इसके पश्चात प्रगणक द्वारा सत्यापन किया जाएगा, मकान सूचीकरण का फील्ड कार्य मई से जून-2026 के मध्य संचालित होगा जबकि जनसंख्या गणना फरवरी-2027 में संपन्न कराई जाएगी। उप निदेशक जनगणना दिव्या जैन एवं जिला प्रभारी जनगणना निदेशालय शैलजा त्रिवेदी ने जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, पर्यवेक्षकों तथा प्रगणकों को जनगणना के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना-2027 की विशेषता, इसके डिजिटल स्वरूप को बताया गया, इस बार अधिकांश कार्य मोबाइल ऐप एवं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संपन्न किए जाएंगे। उन्होने चार्ज अधिकारियों से कहा कि प्रगणक, पर्यवेक्षक की तैनाती कर तत्काल सूची उपलब्ध करायें ताकि उन्हें भी प्रशिक्षित किया जा सके। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर, किशनी, कुरावली अभिषेक कुमार, गोपाल शर्मा, नीरज कुमार द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर अंजली सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी अवधेश सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अरूण कुमार शुक्ला, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सौरभ पाण्डेय, नाजिर रोहित दुबे के अलावा समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय, जन गणना सेल के कार्मिक आदि उपस्थित रहे
Follow Samachar24