महिला चिकित्सालय में एचपीवी पैपिलोमावायरस वैक्सीन के टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ
Gargachary Times
18 March 2026, 19:17
83 views
Mainpuri
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय कुमार के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. सी. गुप्ता, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. शशांक कुमार की उपस्थिति में चिकित्सालय के वक्सीनेटर्स द्वारा किशोरियों को एच पी वी वैक्सीन की खुराक देकर अभियान का शुभारम्भ किया, शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हृदयराम की निगरानी में सोनम मिश्रा द्वारा एचपीवी ह्यूमन पैपिलोमावायरस वैक्सीन की जनपद में प्रथम लाभार्थी कु आर्या गौर, कु. आकांक्षा, संस्कार अकादमी की छात्रा कु. परी का वेक्सीनेशन किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि अपनी बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी हमारी है, जनपद की सभी 14 वर्ष की किशोरियों को जिला महिला चिकित्सालय पर लाकर एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं, यह एक सिंगल डोज वैक्सीन है जो पूरी तरह सुरक्षित, निःशुल्क और सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध मजबूत सुरक्षाकवच प्रदान करती है, अपनी बेटी को कैंसर मुक्त जीवन देने का यह सुनहरा अवसर है, आज ही कदम उठाएं ताकि कल पछतावा न हो। उन्होने कहा कि यह अभियान भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा है जिसका औपचारिक शुभारंभ मा. प्रधानमंत्री जी ने 28 फरवरी 2026 को अजमेर, राजस्थान से किया था, जिसका उद्देश्य 14 वर्ष की आयु वाली किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाना है, एक ऐसा कैंसर जो भारत में महिलाओं में प्रमुख कारणों से होता है और एचपीवी संक्रमण से जुड़ा है, वैक्सीन अत्यधिक प्रभावी साबित हुई है, जो ह्यूमन पैपिलोमावायरस के सबसे खतरनाक स्ट्रेन विशेषकर प्रकार 16 और 18 से 90 प्रतिशत तक सुरक्षा प्रदान करती है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. सी. गुप्ता ने बताया कि अभियान पहले तीन माह तक जिला महिला चिकित्सालय में संचालित रहेगा, उसके बाद जनपद के सभी सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में निःशुल्क उपलब्ध होगा, वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और निःशुल्क उपलब्ध है. यह वैक्सीन मुफ्त है और सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होने कहा कि अपनी 14 वर्षीय बेटी को आज ही जिला महिला चिकित्सालय पर ले जाएं, एक छोटी सी सुई का टीका आपकी बेटी को जीवन भर की सुरक्षा दे सकता है, देरी न करें, स्वास्थ्य पहले, स्वस्थ बेटी, सुरक्षित समाज, एचपीवी वैक्सीन अपनाएं, सर्वाइकल कैंसर को हराएं।
मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. शशांक कुमार ने बताया कि टीकाकरण के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण हैं, एक महिला चिकित्सक, प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ की देख-रेख में उचित अवलोकन के साथ टीकाकरण किया जा रहा है ताकि कोई असुविधा न हो। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि चिकित्सा, शिक्षा एवं आईसीडीएस विभागों का पूर्ण सहयोग से मार्च 2026 में आशा, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षा विभाग के सहयोग से हेडकाउंट सर्वे कर लक्षित किशोरियों की लगभग 22592 संख्या निर्धारित है जिसके सापेक्ष टीकाकरण लक्ष्य तय किया गया है।
इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ, यू एन डी पी, टी एस यू, शिक्षा, आई सी डी एस आदि सहयोगी संस्था, विभाग के अधिकारी, कार्मिक आदि उपस्थित रहे।