नव निर्माण के 09 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा
Gargachary Times
18 March 2026, 19:17
68 views
Mainpuri
अभूतपूर्व विकास एवं सत्त समृद्धि के 09 वर्ष पर पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री ने कलैक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों को नव निर्माण के 09 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल, दूरदर्शी नेतृत्व में तेजी से विकास हुआ, बीते 09 वर्षों में विकास, सुशासन और सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व, अविस्मरणीय एवं ऐतिहासिक कार्य हुए, जो प्रदेश कभी “बीमारू प्रदेश” के रूप में जाना जाता था, आज वही प्रदेश देश के शीर्ष तीन राज्यों में विकास की दृष्टि से अपनी मजबूत पहचान बना चुका है, वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश नीचे से तीसरे स्थान पर था लेकिन आज वही प्रदेश देश के टॉप थ्री राज्यों में शामिल हो गया है, यह परिवर्तन अचानक नहीं आया बल्कि यह बीते 09 वर्षों की निरंतर मेहनत, पारदर्शी शासन व्यवस्था और जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम है। इन 09 वर्षों में व्यापक स्तर पर कार्य हुए हैं, आधारभूत संरचना यानि इंफ्रास्ट्रक्चर की बात करें, तो प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया गया है, आज उत्तर प्रदेश देश का वह राज्य बन चुका है, जहां सबसे अधिक एक्सप्रेस-वे निर्मित किए गए हैं, 22 से अधिक एक्सप्रेस-वे का निर्माण प्रदेश में हुआ या वह निर्माणाधीन हैं, यह उपलब्धि अपने आप में एक रिकॉर्ड है और यह दर्शाती है कि प्रदेश किस गति से विकास के पथ पर अग्रसर है, पहले जहां एक एक्सप्रेस-वे बनाकर बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी वहीं आज उत्तर प्रदेश में एक के बाद एक बड़े एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे तथा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट प्रदेश को नई गति दे रहे हैं, इन एक्सप्रेस-वे के माध्यम से न केवल यातायात सुगम हुआ है, बल्कि व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं।
विधायक भोगांव ने कहा कि कानून व्यवस्था के क्षेत्र में भी प्रदेश ने ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है, एक समय था जब प्रदेश को “गुंडा राज” के रूप में जाना जाता था लेकिन आज कानून का राज स्थापित हुआ है, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की गई है, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है, यही कारण है कि आज निवेशक बिना किसी भय के उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं, निवेश के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने नई ऊंचाइयों को छुआ है, देश, विदेश की अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रदेश में निवेश किया है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण नोएडा है, जो आज मोबाइल निर्माण का एक वैश्विक केंद्र बन चुका है, देश में बिकने वाले लगभग 50 प्रतिशत मोबाइल फोन का निर्माण अकेले नोएडा में हो रहा है, यह उपलब्धि न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होने कहा कि कृषि क्षेत्र जो हमारे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, उसमें भी सरकार ने कई महत्वपूर्ण, ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के साथ अनेक योजनाएं संचालित की गईं, सबसे महत्वपूर्ण निर्णय किसानों के लिए सिंचाई हेतु ट्यूबवेल की बिजली को निःशुल्क कर दिया गया, इससे किसानों की लागत में कमी आई है और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिली, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया गया, फसलों के उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रयास किए गए हैं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है, सरकार का उद्देश्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों की आय और जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।
उन्होने कहा कि जनपद में भी बीते 09 वर्षों में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं, विभिन्न विभागों द्वारा हजारों करोड़ रुपये की योजनाएं लागू की गईं, केवल पर्यटन, लोक निर्माण, त्वरित आर्थिक विकास, अवस्थापना मद से ही जनपद में लगभग रू. 03 हजार करोड़ के विकास कार्य कराए गए हैं इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार की योजनाएं, विधायक निधि, जिला पंचायत और अन्य स्रोतों से हुए विकास कार्यों को जोड़ें, तो कुल मिलाकर लगभग रू. 04 हजार करोड़ से अधिक का विकास कार्य हमारे जनपद में हुआ है, आज हमारा जनपद तेजी से विकसित जनपद के रूप में अपनी पहचान बना रहा है, गांव-गांव तक सड़कें, बिजली पहुंच चुकी हैं, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।उन्होने कहा कि केन्द्र- प्रदेश सरकार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के उत्थान लिए कार्य किया है, गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला सभी के उत्थान के लिए योजनाएं लागू की गयीं, “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र को धरातल पर उतारने का कार्य किया गया है, शिक्षा के क्षेत्र में नए विद्यालय, कॉलेज और तकनीकी संस्थान स्थापित किए गए, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पतालों का विस्तार किया गया है और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए गए, स्वःरोजगार योजनाओं को बढ़ावा दिया गया, स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित किया गया, इससे प्रदेश के युवाओं को अपने ही प्रदेश में आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
इस दौरान पैक्सफेड चेयरमैन प्रेमसिंह शाक्य, पूर्व विधायक अशोक चौहान, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, जिला पंचायत प्रतिनिधि गोविन्द भदौरिया के अलावा जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, परियोजना निदेशक सत्येन्द्र सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम शौकत अली आदि उपस्थित रहे।