Loading...

प्रदेश सरकार के ’’नव निर्माण के नौ वर्ष’’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 09 दिवसीय कार्यक्रम का हुआ भव्य शुभारंभ

Gargachary Times 18 March 2026, 19:23 103 views
Mathura
प्रदेश सरकार के ’’नव निर्माण के नौ वर्ष’’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 09 दिवसीय कार्यक्रम का हुआ भव्य शुभारंभ
मथुरा 18 मार्च को उत्तर प्रदेश सरकार के "नव निर्माण के नौ वर्ष" के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में 09 दिवसीय प्रदर्शनी एवं मेले का भव्य आयोजन किया गया। माननीय विधायक बल्देव पूरन प्रकाश एवं माननीय सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों व प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा बारी-बारी से उनके उत्पादों/ योजनाओं / उपलब्धियों आदि की जानकारी ली। कार्यक्रम में ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, पूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, पुलिस विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाया गया था। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट सभागार में माननीय मुख्यमंत्री के लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के विगत 09 वर्षों के कार्यकाल पर आधारित लघु फिल्म का प्रसारण किया गया। इस अवसर पर माननीय विधायक बल्देव पूरन प्रकाश ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के विकास को नई दिशा दे रहा है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और तकनीक आधारित सुशासन के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है। उत्तर प्रदेश आज भयमुक्त, निवेश अनुकूल और तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन चुका है। हमारी सरकार में बेटियों के सम्मान के लिए बेटी पढ़ाओं, बेटी बचाओं योजनान्तर्गत बेटियों के जन्म से लेकर उनकी पढ़ाई तक का पैसा दिया जा रहा है। प्रदेश में गरीब, निर्धन, असहाय परिवारों की बेटियों के लिए सामुहिक विवाह योजना अन्तर्गत 01 लाख रूपये की सहायता प्रदान की जा रही है। महिला सुरक्षा और सम्मान के दृष्टिगत मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन, एंटी रोमियो स्क्वायड और महिला बीट पुलिसिंग के माध्यम से महिला सुरक्षा को मजबूत किया गया है विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विगत 9 वर्षाे में प्रदेश की अर्थव्यवस्था और इन्फ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूती प्रदान की जा रही है। यही प्रदेश है जहां किसान पहले आत्महत्या करता था, युवा के सामने पहचान का संकट था, व्यापारी एवं महिलाएं सुरक्षित नहीं थे। प्रदेश वही है, लेकिन मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली इस सरकार में बदलाव को महसूस किया जा रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ से अधिक परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं। डीबीटी के माध्यम से 31 विभागों की 191 योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा, निवेश, सामाजिक न्याय और विकास के नए मानक स्थापित किए हैं। आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था, निवेश और विकास का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार आज सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 09 वर्षो के दौरान जनपद की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया है। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर आज प्रदर्शनी एवं मेला का आयोजन कर उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। जिसमें विगत नौ वर्षो में जनपद की जो उपलब्धियां रही है, उनकी प्रदर्शनी लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न विभागों के स्टाल भी लगाये गये है, जिसमें सम्बन्धित विभागों के द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं की पूर्ण जानकारी प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में विधायक बल्देव पूरन प्रकाश एवं सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत 56 लाभार्थियों को ऋण के स्वीकृत पत्र वितरण किये। उन्होंने 10 आगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की सुविधाओं एवं विकास हेतु संसाधन किटों का वितरण भी किया, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रिया यादव, राजकुमारी, सीमा सैनी, मोहिनी चतुर्वेदी, गीता यादव, सुनीता, वीरवती, सविता, प्रिया एवं विनो को आगनबाड़ी संसाधन किट प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग चंद्रभान सिंह, जिला दिव्यांजन सशक्तिकरण अधिकारी विशाल कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24