Loading...

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत निर्धन पात्र कन्याओं का विवाह सम्मेलन 61 कन्याओं की शादी सम्पन्न

Gargachary Times 18 March 2026, 19:23 130 views
Jalaun
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत निर्धन पात्र कन्याओं का विवाह सम्मेलन 61 कन्याओं की शादी सम्पन्न
कोंच(जालौन)- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत निर्धन पात्र कन्याओं का विवाह सम्मेलन बुधवार को नवीन कृषि गल्ला मंडी परिसर में आयोजित किया गया। ब्लॉक कार्यालय कोंच द्वारा पूर्व से चयनित 64 कन्याओं में से 53 और नगर पालिका कार्यालय कोंच द्वारा चयनित 9 में से 8 अर्थात कुल 73 कन्याओं में से 61 कन्याओं की शादी संपन्न हुई। शेष कन्याएं अलगअलग कारणों से उपस्थित नहीं हुईं। उरई सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधोगढ़ विधायक पुत्र जितेंद्र उर्फ आशु निरंजन, पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख कोंच रानी देवी, प्रतिनिधि सतेंद्र निरंजन शीलू पड़री आदि के आतिथ्य में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में 61 जोड़ों का विवाह विद्वतजनों द्वारा उच्चारित वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। जयमाल से लेकर सात फेरे सहित सारी वैवाहिक रस्में पूरी की गईं। सभी जोड़ों को वैवाहिक प्रमाण पत्र सहित शासन द्वारा प्रदत्त सोने- चांदी के कुछ जेवर और घर गृहस्थी का सामान भेंट किया गया। अतिथियों ने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की और कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से गरीब कन्याओं सहित उनके माता पिता के चेहरों पर मुस्कान लाने और उन्हें आर्थिक परेशानी से राहत पहुंचाने के लिए सरकार का यह सराहनीय कार्य है। इससे पूर्व बीडीओ प्रशांत यादव, नगर पालिका ईओ मोनिका उमराव के साथ विभागीय कर्मियों ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन राजीव रेजा ने किया। व्यवस्थाओं में एडीओ देवेंद्र निरंजन, कुसुम निरंजन, सचिव सूरजभान, पूनम, शिल्पी, आकांक्षा, पवन, हर्षित, अनुज, वसीम, हेमंत सहित पालिका आरआई सुनील कुमार, लिपिक विजय अवस्थी, जीवन लाल, पवन गौतम, राजा गुप्ता, रचना आदि संलग्न रहीं। ब्लॉक क्षेत्र के प्रधान, बीडीसी सदस्य और नगर पालिका सभासद भी मौजूद रहे। सम्मेलन में कन्या और वर पक्ष के लोगों की खासी भीड़ जमा रही।
Follow Samachar24