नवसंवत्सर की मंगलकामनाओं के साथ नववर्ष मेला समापन
Gargachary Times
19 March 2026, 19:07
137 views
Mathura
मथुरा। नववर्ष मेला समिति के तत्वाधान में बुधवार को सेठ बी०एन० पोद्दार इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित 25 वें नववर्ष मेला समारोह में शैलेश कुमार पाण्डेय पुलिस उप महानिरीक्षक आगरा जोन ने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नववर्ष मेला का आयोजन मनोरंजन, उत्साह तथा एक- दूसरे से मेलजोल बढ़ाने का अवसर देता है। इस प्रकार के मेला के आयोजनों से कलाकारों को अपनी कलाओं का, शिल्पकारों को अपनी शिल्प का और अन्य हुनरकारो को अपने हुनर का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। नवसंवत्सर 2083 और आशीर्वचन देते हुए संत स्वामी कार्ष्णि गोविन्दानन्द महाराज श्री रमणरेतीधाम महावन ने कहा कि यह भारत भूमि तपस्वियों, वीरांगनाओं, की भूमि है। यह नववर्ष अनेक गौरवशाली परम्पराओं और इतिहास को समाहित किए हुए हैं। इस नवसंवत्सर को आने वाली पीढ़ियों को बताएं।स्वागताध्यक्ष डॉ० गौरव सिंह, उप कुलपति के०डी० विश्वविद्यालय ने शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस उप महानिरीक्षक आगरा जोन शैलेश कुमार पांडेय, समिति अध्यक्ष कमलेश अरोड़ा एवं विभाग संघ चालक वीरेंद्र मिश्र ने मां भगवती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा नववर्ष मेला के 25 वर्ष पूर्ण होने पर नववर्ष मेला समिति की स्मारिका 'नव प्रवाह' का विमोचन किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव ने एवं धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष कमलेश अरोड़ा ने किया।
इससे पूर्व दोपहर में मेला स्थल पर समिति पदाधिकारियों द्वारा भूमि पूजन एवं हवन कर मेला का शुभारंभ किया। यजमान के रूप में नववर्ष मेला समिति उपाध्यक्ष यादवेंद्र अग्रवाल पत्नी अंजना अग्रवाल सहित ने हवन में पूर्ण आहुतियां दी। हवन पं० श्यामू चतुर्वेदी ने वेद मंत्रों से कराया। हवन के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।
नववर्ष समारोह में महानगर प्रचारक सचिन भारत, डॉ० संजय अग्रवाल, शिव कुमार शर्मा, प्रचारक सचिन भारत, विजय बंटा, प्रदीप अग्रवाल, राजीव कृष्ण, अनिरुद्ध अग्रवाल, सुभाष सैनी, मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, विशाल रुहेला, समीर बंसल, डॉ० जमुना देवी शर्मा, डॉ० रुचि अग्रवाल, आदि मेला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
------------------
- सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा
मथुरा। सायं को सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में मेला स्थल पर रंगोली प्रतियोगिता, रूप सज्जा, सामूहिक नृत्य एवं एकल नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। सामूहिक एवं एकल नृत्य में प्रतिभागियों की रंगारग प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। रूप सज्जा में विभिन्न स्वरूपों में सजे नन्हें- मुन्ने बच्चे सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे। विभिन्न प्रतियोगिताएं संयोजक डॉ० सीमा मिश्रा, दीपा चतुर्वेदी, आरती शर्मा, प्रिया वशिष्ठ, रजनी भट्ट, अंजू गौतम, अनामिका दीक्षित के निर्देशन में हुई। इस अवसर पर डॉ० दीपा अग्रवाल एवं हरवीर सिंह आदि उपस्थित रहे।