शिक्षा के मंदिर में मर्यादा तार-तार, नगर पालिका अध्यक्ष और पुलिस की मौजूदगी में इटावा से आई डांसरों के ठुमकों पर उड़े नोट
Gargachary Times
19 March 2026, 19:27
86 views
Agra
आगरा कस्बा एत्मादपुर स्थित 'मॉडल स्कूल' के प्रांगण से एक ऐसी शर्मनाक तस्वीर सामने आई है, जिसने न केवल शिक्षा के मंदिर की शुचिता को कलंकित किया है, बल्कि स्थानीय प्रशासन और जिम्मेदार प्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। यहाँ कंस मेले के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर डांसरों ने जमकर ठुमके लगाए, जिस पर वहां मौजूद लोग झूमते और नोट उड़ाते नजर आए।
जिम्मेदारों की मौजूदगी में उड़ती रहीं धज्जियां हैरानी की बात यह रही कि जिस समय मंच पर फुहड़ता का प्रदर्शन हो रहा था, वहां नगर पालिका अध्यक्ष सहित नगर के कई वरिष्ठ और रसूखदार लोग मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। इतना ही नहीं, सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी खुलेआम नोट उड़ाकर कानून और नियमों को मनचलों के द्वारा ठेंगा दिखाया गया। जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों ने न तो इस अमर्यादित प्रदर्शन को रोकने की कोशिश की और न ही स्कूल परिसर की गरिमा का ख्याल रखा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, जनता में रोष पिछले कुछ घंटों से सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह फिल्मी गानों पर अश्लील नृत्य हो रहा है और पांडाल में बैठे लोग नोटों की बारिश कर रहे हैं। शिक्षा के केंद्र में इस तरह के आयोजन को लेकर क्षेत्र के प्रबुद्ध वर्ग और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि जहाँ बच्चों को संस्कार दिए जाते हैं, वहां इस तरह के "कल्चर" का प्रदर्शन भविष्य की पीढ़ी के लिए घातक है। नगर पालिका अध्यक्ष, वरिष्ठ नागरिक और पुलिस बल।मंच पर डांसरों का डांस और दर्शकों द्वारा खुलेआम नोटों की बौछार।
प्रशासनिक कार्रवाई का इंतज़ार सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और व्यापक आलोचना के बाद अब जिले के आला अधिकारियों से इस मामले में संज्ञान लेने की मांग की जा रही है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या एक सरकारी विद्यालय परिसर को इस तरह के कार्यक्रमों के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति दी गई थी यदि हाँ, तो नियमों का उल्लंघन करने वालों पर क्या कार्रवाई होगी शिक्षा का मंदिर या मनोरंजन का अड्डा एत्मादपुर के मॉडल स्कूल में कंस मेले के नाम पर बार-बालाओं के ठुमके लगे। हद तो तब हो गई जब नगर पालिका अध्यक्ष और पुलिस की मौजूदगी में जमकर नोट उड़ाए गए। क्या यही है हमारे समाज के जिम्मेदारों का नजरिया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनता में भारी उबाल।