एससी-एसटी आयोग सदस्य ने दिए निर्देश: लंबित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के आदेश, फिरोजाबाद में 1 साल में दर्ज हुए एससी-एसटी एक्ट के 10 मामले
Gargachary Times
20 March 2026, 19:55
112 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य दिनेश भारत ने शुक्रवार को फिरोजाबाद का दौरा किया। उन्होंने जनपद के निरीक्षण भवन में अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें एससी-एसटी एक्ट से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान, उन्होंने लंबित मामलों पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
इस बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी रामबदन राम, समाज कल्याण अधिकारी राजवती, जिला प्रोबेशन अधिकारी (डीपीओ) और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। आयोग सदस्य दिनेश भारत ने विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि एससी-एसटी एक्ट के तहत आने वाली शिकायतें अत्यंत संवेदनशील होती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पत्रकारों को उन्होंने बताया कि जानकारी करने पर पता चला है कि विगत एक वर्ष के अंदर फिरोजाबाद में एससी एसटी एक्ट के 10 मुकदमे पंजीकृत हुए हैं।
दिनेश भारत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों की समयबद्ध जांच की जाए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और पीड़ितों को हर स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।
बैठक के दौरान, आयोग सदस्य ने अधिकारियों से जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक भी लिया। उन्होंने जोर दिया कि समाज के कमजोर वर्गों को उनके अधिकार मिलें, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। दिनेश भारत ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में एससी-एसटी वर्ग से जुड़े मामलों के प्रभावी समाधान की दिशा में इस बैठक को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।