Loading...

गोवर्धन गिर्राज महाराज के दर्शन करने पहुंची महामहिम राष्ट्रपति, विधि विधान पूजा अर्चना कर लगाई सप्तकोसीय परिक्रमा

Gargachary Times 21 March 2026, 20:40 90 views
Mathura
गोवर्धन गिर्राज महाराज के दर्शन करने पहुंची महामहिम राष्ट्रपति, विधि विधान पूजा अर्चना कर लगाई सप्तकोसीय परिक्रमा
मथुरा -महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आगमन आज जनपद मथुरा के तहसील गोवर्धन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री दानघाटी मंदिर में हुआ। दानघाटी मंदिर में महामहिम राष्ट्रपति का स्वागत महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ,मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिल लक्ष्मी नारायण चौधरी,प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग शसंदीप सिंह , विधायक गोवर्धन ठाकुर मेघश्याम सिंह एवं शदानघाटी मंदिर के रिसीवर श्री ललित शर्मा द्वारा किया गया। महामहिम राष्ट्रपति ने शदानघाटी मंदिर में श्री राधा-कृष्ण जी के मंदिर के दर्शन किए, जहां पर श्री सीताराम शर्मा द्वारा पूजा अर्चना करवाया गया। सीताराम शर्मा ने महामहिम राष्ट्रपति को चुनरी भेंट की। महामहिम राष्ट्रपति एवं महामहिम राज्यपाल ने निज मंदिर के गर्भ गृह में ठाकुर श्री गिरिराज जी महाराज पर दूध दही शहद के पंचामृत से अभिषेक किया तथा प्रसाद ग्रहण किया साथ ही उन्होंने दानघाटी मंदिर की परिक्रमा भी लगाई। दर्शन के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु एवं महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने पवित्र श्री गोवर्धन गिरिराज जी पर्वत की परिक्रमा लगाना प्रारंभ किया। गोवर्धन परिक्रमा के प्रारम्भ में गोवर्धन वासियों/आस-पास के लोगों ने महामहिम राष्ट्रपति का तालियों से स्वागत किया, जिसपर महामहिम राष्ट्रपति ने हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया। महामहिम राष्ट्रपति एवं महामहिम राज्यपाल ने पैदल एवं गोल्फ कार्ट के माध्यम से गोवर्धन पर्वत की लगभग 21 किलोमीटर की परिक्रमा लगाई, जिसमें राजस्थान राज्य का भी क्षेत्र आता है। परिक्रमा में महामहिम राष्ट्रपति का स्वागत विभिन्न स्थलों पर किया गया। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर स्थित स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा झंडा प्रदर्शित किया गया। गोवर्धन बड़ी परिक्रमा मार्ग स्थित रमण रेती आश्रम के महंत श्री हरिओम बाबा द्वारा महामहिम राष्ट्रपति एवं महामहिम राज्यपाल का स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान आश्रम में बच्चों द्वारा वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया तथा शंखनाद किया गया। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह पर विभिन्न टोलियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा कला का अद्भुत प्रदर्शन किया गया। ढोल नगाड़ों की गूंज सम्पूर्ण परिक्रमा में सुनाई देती रही, जो एक उत्सव के प्रतीक को सिद्ध करता है। महामहिम राष्ट्रपति ने विभिन्न स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के कलाकारों के साथ छायाचित्र कराई, जिससे कलाकारों का उत्साहवर्धन हुआ। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आन्यौर ग्राम पर पैदल परिक्रमा लगाई। महामहिम राष्ट्रपति ने आन्यौर गाँव में उपस्थित लोगों से हाथ जोड़कर अभिवादन किया तथा मार्ग पर उपस्थित स्थानीय बच्चों को चॉकलेट वितरण किया। महामहिम राष्ट्रपति से चॉकलेट पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। महामहिम राष्ट्रपति एवं महामहिम राज्यपाल का गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित राजस्थान राज्य के बॉर्डर पर राजस्थान सरकार द्वारा भव्य स्वागत किया गया। महामहिम राष्ट्रपति ने गोवर्धन की छोटी परिक्रमा मार्ग स्थित मानसी गंगा के दर्शन किए तथा मानसी गंगा में विधि विधान से पूजा अर्चना की। उन्होंने मानसी गंगा पर आरती की तथा नारियल व पुष्प अर्पण किया। महामहिम राष्ट्रपति ने छोटी परिक्रमा मार्ग स्थित मानसी गंगा मुकुट मुखारबिंद मंदिर के दर्शन किए। मंदिर रिसीवर श्री कपिल चतुर्वेदी द्वारा पुष्प गुच्छ भेट कर महामहिम राष्ट्रपति का स्वागत किया गया तथा मानसी गंगा एवं मुकुट मुखारबिंद मंदिर के पौराणिक महत्व के बारे में बताया गया। माथुर चतुर्वेदी समाज की आदि गुरु गद्दी से श्रीजी पीठाचार्य श्री मनीष बाबा द्वारा महामहिम राष्ट्रपति को गिरिराज बाबा का पूजन एवं अभिषेक कराया गया। पूजा के दौरान मंदिर सेवाधिकारी देवेन्द्र शर्मा एवं कृष्ण गोपाल उपस्थित रहे।विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित गोरवा वन ब्लॉक में बरगद का पौधारोपण किया गया। गोरवा वन ब्लॉक में उपस्थित अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक आगरा जोन आगरा भीमसेन द्वारा महामहिम राष्ट्रपति एवं महामहिम राज्यपाल का स्वागत अभिवादन किया गया तथा अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक आगरा जोन आगरा भीमसेन जी एवं प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग मथुरा वेंकटा श्रीकर पटेल द्वारा महामहिम राष्ट्रपति एवं महामहिम राज्यपाल को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। समस्त भारतीय वन सेवा अधिकारियों की तरफ से महामहिम राष्ट्रपति का विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण में प्रतिभाग करने पर आभार व्यक्त किया गया। गोवर्धन परिक्रमा / गिरिराज जी की परिक्रमा का अंत दानघाटी मंदिर पर हुआ। दानघाटी मंदिर पर गोवर्धन परिक्रमा पूर्ण होने के पश्चात् महामहिम राष्ट्रपति को माननीय मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिल लक्ष्मी नारायण चौधरी एवं माननीय प्रभारी मंत्री / माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग श्री संदीप सिंह ने मनमोहक/आकर्षक स्मृति चिन्ह (श्री राधा कृष्ण जी की मूर्ति) भेंट की । गोवर्धन की पवित्र परिक्रमा एवं दर्शन कार्यक्रम पूर्ण होने के पश्चात महामहिम राष्ट्रपति जी ने हैलीकॉप्टर के माध्यम से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया। हेलीपैड स्थल पर महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल , मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिल लक्ष्मी नारायण चौधरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह , लोकसभा सांसद हेमा मालिनी, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह , विधायक बल्देव पूरन प्रकाश अपर पुलिस महानिदेशक आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ , मंडलायुक्त आगरा श्री नगेन्द्र प्रताप , जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार उपस्थित रहे।
Follow Samachar24