गाजे-बाजे के साथ निकली श्रीमद्भागवत की भव्य कलश यात्रा, कथा का हुआ शुभारंभ
Gargachary Times
21 March 2026, 21:27
103 views
Jalaun
जालौन जनपद के कोंच नगर में शनिवार दोपहर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। नगर के रामकुंड स्थित महामाई मंदिर से निकली इस कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। बैंड-बाजों की धुन और “जय श्रीराम” के उद्घोष के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कलश यात्रा में सबसे आगे परीक्षित के रूप में समाजसेवी विनोद पांडेय एवं अर्चना पांडेय सिर पर श्रीमद्भागवत पुराण धारण कर चल रहे थे। उनके पीछे सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और युवतियां सिर पर आम्रपत्तों से सुसज्जित कलश रखकर भक्ति भाव से शामिल हुईं। यात्रा में शामिल पुरुष और महिलाएं भक्ति संगीत पर नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
यह भव्य यात्रा महामाई मंदिर से प्रारंभ होकर मार्कण्डेश्वर तिराहा, नहर कोठी होते हुए पुनः रामकुंड मंदिर मार्ग से कथा स्थल तक पहुंची। वहां विधिवत श्रीगणेश पूजन के साथ कथा का शुभारंभ किया गया। प्रथम दिन कथावाचक हरिओम थापक (अयोध्या पूरी, झांसी) ने विभिन्न धार्मिक प्रसंगों पर श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराया।
आयोजकों के अनुसार, श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 27 मार्च तक प्रतिदिन अपरान्ह 2 बजे से किया जाएगा, जबकि 28 मार्च को विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन, पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, भाजपा नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल विज्ञान सीरोठिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में आनन्द पांडेय, अनुराधा पांडेय, आदित्य पांडेय, आलोक मिश्रा, रीता कुशवाहा, शिल्पी अग्रवाल, शशि गुप्ता, कमलेश निरंजन, निर्भय यादव,राजा तिवारी सुनिलकान्त तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।