Loading...

माँ मनकामेश्वरी देवी मेला मे कवि सम्मेंलन का आयोजन

Gargachary Times 22 March 2026, 20:16 131 views
Mathura
माँ मनकामेश्वरी देवी मेला मे कवि सम्मेंलन का आयोजन
माँ मनकामेश्वरी देवी जी मेला के शुभ अवसर पर गणेश बाग मेला प्रांगण में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन ने क्षेत्र को साहित्यिक और सांस्कृतिक रंग में सराबोर कर दिया। देर रात तक चले इस आयोजन में दूर-दराज से आए ख्याति प्राप्त कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां मनकामेश्वरी देवी के चरणों में वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात मंच पर विराजमान कवियों ने एक-एक कर अपनी रचनाओं का पाठ किया। हास्य-व्यंग्य कवि पदम अलवेला (हाथरस) ने अपने चुटीले अंदाज से श्रोताओं को हँसी से लोटपोट कर दिया। गीतकार यशपाल यश (फिरोजाबाद) ने अपने मधुर गीतों से वातावरण को भावुक बना दिया। भरतपुर से आए पूरन सरुमा ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं, वहीं इटावा के ओज कवि रोहित चौधरी ने जोश से भरपूर कविताओं के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया। अलीगढ़ के हास्य कवि मणि मधुकर मूसल ने अपनी प्रस्तुति से पूरे पंडाल को ठहाकों से गुंजायमान कर दिया। इसी क्रम में सिकंदराराऊ के शिवम कुमार आजाद, मथुरा के विनीत गौतम, ग़ज़लकार अजीव अंजुम तथा राया के हिर्देश उपाध्याय ने भी अपनी-अपनी विधाओं में उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर श्रोताओं की भरपूर वाहवाही लूटी। कवि सम्मेलन के दौरान श्रोताओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। हर प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट और “वाह-वाह” की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही। आयोजन को सफल बनाने में मेला समिति एवं स्थानीय नागरिकों का विशेष सहयोग रहा। यह कवि सम्मेलन क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा को सुदृढ़ करने वाला एक यादगार आयोजन साबित हुआ।
Follow Samachar24