अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला गंभीर घायल, सैफई रेफर
Gargachary Times
22 March 2026, 21:01
156 views
Mainpuri
बेवर (मैनपुरी): थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर एसपी गार्डन के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागबान मोहल्ला (मैनपुरी) निवासी सुमन लता (42 वर्ष), पत्नी चंद्रशेखर, किसी कार्य से जा रही थीं। तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसआई शैलेंद्र निगम ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। महिला की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई सैफई रेफर कर दिया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।